West Bengal: नंदीग्राम उपचुनाव में बीजेपी ने शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत PA की मां को बनाया उम्मीदवार, चुनाव जीतने के बाद हो गई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या
नंदीग्राम उपचुनाव के लिए बीजेपी ने हासिरानी रथ को अपना उम्मीदवार बनाया है। हासिरानी रथ, चंद्रनाथ रथ की मां हैं, जो मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए थे
- भारत
- 3 min read
नंदीग्राम उपचुनाव के लिए बीजेपी ने हासिरानी रथ को अपना उम्मीदवार बनाया है। हासिरानी रथ, चंद्रनाथ रथ की मां हैं, जो मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए थे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के कुछ समय बाद चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई थी। अब उनकी मां को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद चंद्रनाथ का नाम एक बार फिर नंदीग्राम के चुनावी मुकाबले के साथ जुड़ गया है।
आपको बता दें कि नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव की वजह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का दो सीटों से जीतना है। 2026 के विधानसभा चुनाव में अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव जीता था। नियमों के तहत उन्हें एक सीट छोड़नी थी और उन्होंने नंदीग्राम की सदस्यता छोड़ने का फैसला किया। इसके बाद यह सीट रिक्त हुई और अब यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। नंदीग्राम का राजनीतिक महत्व इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि यह क्षेत्र लंबे समय से पश्चिम बंगाल की हाई-प्रोफाइल राजनीतिक लड़ाइयों का केंद्र रहा है। आगामी उपचुनाव में भाजपा और तृणमूल के बीच मुकाबले पर पूरे राज्य की नजर है।
विपक्ष ने भी उतारा उम्मीदवार
हासीरानी रथ नंदीग्राम सीट के लिए मंगलवार ( 15 सितंबर 2026) को नॉमिनेशन फाइल करने जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने 1 लाख से अधिक वोटों से जीतने का दावा किया है। उनका मुकाबला TMC की कैंडिडेट संचिता प्रधान डे से होगा। इस सीट पर कांग्रेस ने भी अपना उम्मीदवार उतारा है। हालांकि, अटकलें लगाई जा रहीं थी कांग्रेस और TMC नंदीग्राम में गठबंधन की कोशिश में थी।
हासीरानी रथ के बारे में
हासीरानी रथ पूर्वी मेदिनीपुर के चंडीपुर इलाके के कुलुप गांव की निवासी हैं। उनकी उम्र 62 साल है। हासीरानी रथ स्थानीय स्तर की राजनीति से जुड़ी रही हैं। उन्होंने पंचायत स्तर की जनप्रतिनिधि के रूप में काम किया है। शुरुआत में वे तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी थीं। बाद में जब शुभेंदु अधिकारी तृणमूल छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए, तो हासीरानी भी बीजेपी में चली आईं। रथ परिवार का अधिकारी परिवार के साथ लंबे समय से राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध रहा है। यह रिश्ता दो दशक से भी पुराना है। शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक उत्थान के समय से ही रथ परिवार उनके साथ रहा है। हासीरानी रथ के पति का 2024 में निधन हो गया था।
2013-18 के दौरान वे चंडीपुर पंचायत समिति में शिशु एवं नारी विकास कर्माध्यक्ष (कर्माध्यक्ष) थीं। कभी तृणमूल से जुड़ी रहीं यह नेत्री बाद में शुभेंदु अधिकारी से राजनीतिक निकटता के चलते बीजेपी में सक्रिय हुईं। दिसंबर 2020 में जब शुभेंदु अधिकारी तृणमूल छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए, तब हासीरानी रथ सहित उनका पूरा परिवार भी बीजेपी में आ गया। हालांकि, कुछ दिन पहले हासीरानी ने खुद कहा था कि वे 1998 से ही राजनीति से जुड़ी हुई हैं।
रेजिनगर सीट पर प्रत्याशियों की लिस्ट
- भाजपा- शाखाराव सरकार
- कांग्रेस- मोहम्मद अब्दुल्लाहिल कफी
- लेफ्ट- सईद असद अली
- टीएमसी- रबीउल आलम चौधरी
- टीएमसी ऋताब्रत गुट- सफीउज्जमां शेख
- एजेयूबी- गुलाम नबी आजाद
कब होने हैं उपचुनाव
चुनाव आयोग की तरफ से इन दोनों पर उपचुनाव के लिए अगले महीने 6 अक्टूबर की तारीफ निर्धारित की गई है, जिसके लिए नॉमिनेशन की अंतिम तारीख 16 सितंबर है। हालांकि, इस बार तृणमूल कांग्रेस के दो अलग-अलग गुटों- ममता बनर्जी गुट और ऋतब्रत बनर्जी गुट- की तरफ से उपचुनाव में उम्मीदवार उतारे जाएंगे।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 15 September 2026 at 12:51 IST