'जब भी राहुल विदेश जाते हैं, तो उनका एक खतरनाक इरादा...', भारतीय अर्थव्यवस्था पर कांग्रेस नेता की टिप्पणी को लेकर बरसी BJP

कोलंबिया विश्वविद्यालय में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भारतीय अर्थव्यवस्था के बारे में टिप्पणी पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, "आज, राहुल गांधी द्वारा विदेशी धरती पर देश को बदनाम करने के लिए दिए गए बेबुनियाद, झूठे और भारत-विरोधी बयानों से हर भारतीय शर्मिंदा है।"

 
Follow :
बीजेपी नेता नेता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर तीखा हमला | Image: ANI

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेश की धरती पर भारतीय लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था का मुद्दा उठाकर BJP को घेरने की कोशिश की। अब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के अमेरिका दौरे के दौरान दिए गए बयानों को लेकर बीजेपी ने उन पर देश और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया है। कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारतीय अर्थव्यवस्था पर राहुल की टिप्पणियों को लेकर भाजपा ने उनपर तीखा हमला बोला है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भारत की अर्थव्यवस्था पर राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर कहा, "जब भी राहुल गांधी विदेश जाते हैं, तो उनका एक खतरनाक इरादा होता है, भारत के जीवंत, मजबूत और आंतरिक रूप से सशक्त लोकतंत्र के खिलाफ एक बुरी साजिश। एक ऐसा लोकतंत्र जो स्थिर है, एक ऐसी अर्थव्यवस्था जो मजबूत है और दूसरी तरफ अराजकतावादी राहुल गांधी हैं - जो लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं (और यह हमारा दुर्भाग्य है कि हमें ऐसा विपक्ष का नेता मिला है) - जो हमारे देश को अस्थिर करने के लिए बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका के मॉडल को दोहराने की कोशिश कर रहे हैं।

देश को बदनाम करने की साजिश से विदेश जात हैं-गौरव भाटिया

BJP प्रवक्ता ने आगे कहा, 'राहुल बहुत अच्छे से झूठ और प्रोपेगैंडा से भरे बयान देते हैं, जिनमें कोई तथ्यात्मक शोध नहीं होता, और बेहद आपत्तिजनक बातें कहकर हमारे देश को बदनाम करते हैं। आज देश की जनता खुद से पूछ रही है - हमें विपक्ष का ऐसा नेता क्यों चाहिए जो न केवल अपरिपक्व, 'पार्ट-टाइम' और गैर-जिम्मेदार है, बल्कि भारत-विरोधी भी है? जब पूरा देश खुशियां मना रहा है, तो यह कितने दुर्भाग्य की बात है कि विपक्ष के नेता रोना-धोना कर रहे हैं और हमारे देश को अस्थिर करने के लिए विदेशी ताकतों का सहारा ले रहे हैं।'

November 18, 2026

अपने आका जॉर्ज सोरोस से सलाह लेते हैं-गौरव भाटिया

'जब भी संसद का सत्र आने वाला होता है, वह विदेश चले जाते हैं। शायद वह अपने आका, जॉर्ज सोरोस से यह पूछने जाते हैं कि भारत के लोकतंत्र को अस्थिर करने के लिए क्या किया जाना चाहिए। हो सकता है कि उन्हें अमेरिका की राजनेता इल्हान उमर (जिनसे वह मिले थे) से निर्देश लेना पसंद हो।" तथ्यों के आधार पर, हमें भारत-विरोधी और गैर-जिम्मेदार नेता राहुल गांधी का खंडन करना होगा।'

राहुल भारत के 'मीर जाफर' हैं-BJP

राहुल गांधी पर बरसते हुए गौरव भाटिया ने कहा, "आज, राहुल गांधी द्वारा विदेशी धरती पर देश को बदनाम करने के लिए दिए गए बेबुनियाद, झूठे और भारत-विरोधी बयानों से हर भारतीय शर्मिंदा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, पिछले 12 वर्षों में भारत ने लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था, युवाओं के सशक्तिकरण और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने के मामले में नई ऊंचाइयां छुई हैं। राहुल गांधी अपरिपक्व हैं, भारत-विरोधी हैं और भारत के 'मीर जाफर' हैं। संसद के हर सत्र से पहले वे विदेश चले जाते हैं, क्या वे वहां अपने विदेशी आकाओं से निर्देश लेने जाते हैं?"

November 18, 2026

यह भी पढ़ें: 'भारत के लिए, क्वाड एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है', बोले PM मोदी
 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 18 November 2026 at 13:14 IST