Bihar: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर बढ़ी हलचल, मंत्री विजय चौधरी ने बताया कब होगी NDA की बैठक, नीतीश इस तारीख को लेंगे शपथ
बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी ने नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्य में अगले मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार शपथ ग्रहण के लिए गुरुवार को दिल्ली रवाना होंगे।
बिहार की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव होने वाला है और इसके प्रक्रिया भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और नई सरकार गठन को लेकर सियासी गलियारों में सरगर्मी चरम पर है। नीतीश कुमार के प्रदेश की राजनीति से विदा होकर राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होने की पटकथा लिखी जा चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार, अब पूरी टाइमलाइन भी लगभग तय हो चुकी है।
बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी ने नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्य में अगले मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल, 9 अप्रैल को दिल्ली के लिए रवाना होंगे और परसों यानी 10 अप्रैल को राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इस बाद प्रदेश में नई सरकार का गठन होगा।
विजय चौधरी ने बताया कब होगा नई सरकार का गठन
विजय चौधरी ने बिहार के अगले मुख्यमंत्री और नई सरकार के गठन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, 'नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद NDA के सभी घटक दलों की बैठक होगी, जिसमें नई सरकार गठन पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इसके बाद नई सरकार का गठन होगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि इस्तीफा देने के लिए कैबिनेट बैठक जरूरी नहीं है। मुख्यमंत्री सीधे राज्यपाल को इस्तीफा सौंप सकते हैं।'
दिल्ली से लौटने के बाद इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को राज्यसभा में शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार 11 और 12 अप्रैल को दिल्ली में पीएम मोदी और अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। फिर पटना लौटने के बाद वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप देंगे।
13 अप्रैल को नीतीश लेंगे कैबिनेट बैठक
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक हो सकती है। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं और सरकार के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। साथ ही अगले मुख्यमंत्री के नाम पर भी बैठक में चर्चा संभव है। इसके बाद 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
बिहार के सियासी गलियारों में चर्चा है कि 14 अप्रैल 2026 को बिहार के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। इस तारीख के पीछे कई कारण हैं-
- हिंदू पंचांग के अनुसार, 14 अप्रैल को सूर्य मेष राशि में प्रवेश करेंगे और खरमास समाप्त हो जाएगा। इसके बाद ही मांगलिक और शुभ कार्य (जैसे शपथ ग्रहण) किए जाते हैं।
- वहीं, 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती है। बिहार की राजनीति में अंबेडकर जयंती का विशेष महत्व है, इसलिए इस दिन (14 अप्रैल) नए मुख्यमंत्री की ताजपोशी की चर्चाएं और भी मायने रखती हैं।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 8 April 2026 at 15:03 IST