'जो लोग लालू जी को गाली देते हैं वो आने वाले समय में भारत रत्न देंगे', बेटे तेजस्वी ने पिता के लिए एक तीर से साधे दो निशाने
तेजस्वी यादव ने कहा कि जैसे कर्पूरी ठाकुर को गाली देने वाले आज भारत रत्न दे रहे हैं, वैसे ही जो लोग लालू को गाली देते हैं वो उन्हें भारत रत्न देंगे।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर आज, 17 फरवरी को तमाम नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर सीतामढ़ी के सोनबरसा में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कर्पूरी ठाकुर को एक ईमानदार और समाजवाद की ताकत देखने वाला जननायक बताया है। मगर उन्होंने अपने पिता लालू यादव के लिए भी ऐसी बात कह डाली कि उनके बयान पर सियासी उफान तया है।
कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि कर्पूरी जी ने आरक्षण दिया। उनकी ताकत को देखो, वो आज भी प्रासंगिक हैं, जो लोग उन्हें गाली देते थे। आज वही लोग भारत रत्न दे रहे हैं। इस दौरान तेजस्वी ने ईशारों-ईशारों में बीजेपी पर निशाने साधते हुए अपने पिता और पूर्व सीएम लालू यादव को भी भारत रत्न का दावेदार बता दिया।
तेजस्वी ने लालू का बताया भारत रत्न का दावेदार
तेजस्वी यादव ने कहा कि जैसे कर्पूरी ठाकुर को गाली देने वाले आज भारत रत्न दे रहे हैं, हम उनको कह देना चाहते हैं आज जो लोग लालू जी को गाली दे रहे हैं, आने वाले समय में वही लालू यादव को भारत रत्न देने का काम करेंगे। बता दें कि बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में तेजस्वी यादव इस बयान के जरिए एक तीर से दो निशाना लगाने की कोशिश की है। बीजेपी पर हमला बोलते हुए उन्होंने लालू यादव को भारत रत्न का दावेदार बता दिया।
BJP ने कर्पूरी ठाकुर को सही सम्मान दिया-विजय सिन्हा
वहीं, कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भी पटना में उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा, जन नायक और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि सभी नेताओं के लिए संकल्प लेने का दिन है। कर्पूरी ठाकुर ईमानदारी के साथ राजनीति में अपनी सुचिता और पारदर्शिता को बरकरार रखा। उन्होंने सबकी चिंता की। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया है।
साल 2024 में कर्पूरी ठाकुर को दिया गया भारत रत्न
बता दें कि साल 2024 में सरकार ने बिहार में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) राजनीति के जनक माने जाने वाले कर्पूरी ठाकुर को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा था। दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे ठाकुर का जन्म 24 जनवरी 1924 को और निधन 17 फरवरी 1988 को हुआ था।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 17 February 2025 at 20:42 IST