BREAKING: मॉल में घूम रहे थे तेज प्रताप यादव, तभी दल-बल के साथ पहुंची पटना पुलिस; हिरासत में लिया, जानिए क्या है मामला

मॉल में घूम रहे थे तेज प्रताप यादव, तभी दल-बल के साथ पहुंची पटना पुलिस; हिरासत में लिया

 
Follow :
Tej Pratap Yadav | Image: ANI

पटना की सड़कों पर शनिवार को सियासी पारा उफान पर रहा, जब NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ी और छात्रों पर पुलिसिया सख्ती के खिलाफ बुलाए गए 'बिहार बंद' ने राजधानी को अपनी चपेट में ले लिया। दिन भर चले हंगामे के बीच सबसे बड़ी खबर रात को आई, जब लालू प्रसाद यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल के मुखिया तेज प्रताप यादव को पुलिस ने एक मॉल के भीतर से हिरासत में ले लिया।

पूरा घटनाक्रम दिन में उस वक्त शुरू हुआ जब तेज प्रताप बंद के समर्थन में छात्रों के हुजूम के साथ रामगुलाम चौक पर जा डटे और वहीं सड़क पर धरना देने बैठ गए। कुछ देर बाद जब यह जुलूस डाक बंगला चौराहे की तरफ कूच करने लगा, तो एग्जिबिशन रोड के पास ही पुलिस ने रास्ता रोककर उन्हें हिरासत में ले लिया। हालांकि, थोड़ी देर बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

मगर मामला वहीं नहीं थमा। शाम ढलते-ढलते जब तेज प्रताप शहर के एक मॉल में मौजूद थे, भारी पुलिस बल वहां पहुंच गया और उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया।

पुलिस ने वजह नहीं बताई

पुलिस प्रशासन ने अब तक गिरफ्तारी की वजह सार्वजनिक तौर पर नहीं बताई है, हालांकि सूत्रों की मानें तो बिना अनुमति प्रदर्शन आयोजित करने और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने का आरोप इसकी वजह बन सकता है।

इस बीच डाक बंगला चौराहा पूरे दिन तनाव का केंद्र बना रहा। यहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प इतनी बढ़ गई कि भीड़ ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और बैरिकेड तक तोड़ डाले। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्का बल इस्तेमाल करना पड़ा।

July 25, 2026

कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों ने न सिर्फ पुलिस बल पर पथराव किया बल्कि बैरिकेडिंग तोड़ने की भी कोशिश की, जिसके बाद कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि हालात को देखते हुए पुलिसकर्मियों की छुट्टियां फिलहाल रद्द कर दी गई हैं और शहर के कई हिस्सों में, खासकर पालीगंज में, फ्लैग मार्च निकाला गया।

एहतियात के तौर पर प्रशासन ने शनिवार को पटना के सभी निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी थी। तेज प्रताप की गिरफ्तारी के बाद अब राजनीतिक गलियारों में बयानों का दौर तेज हो गया है, और आने वाले घंटों में इस मुद्दे पर और हलचल की उम्मीद है।

ये भी पढ़ेंः प्रह्लाद जोशी बने देश के नए शिक्षा मंत्री, मिला अतिरिक्त कार्यभार

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 25 July 2026 at 22:19 IST