अपडेटेड 17 July 2025 at 19:43 IST

चंदन मिश्रा की दिनदहाड़े हत्या पर बिहार में बवाल, चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार पर उठाए सवाल, कहा- पुलिस की कार्यशैली समझ से परे

बिहार में हो रही लगातार हत्याओं को लेकर चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था आज एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है। प्रतिदिन हत्याएं हो रही है, अपराधियों का मनोबल आसमान पर है। पुलिस प्रशासन की कार्यशैली समझ से परे है।

Follow :  
×

Share


बिहार में जैसे-जैसे चुनाव के ऐलान की तारीख नजदीक आ रही है, हत्याओं की संख्या भी उतनी ही तेजी से बढ़ती जा रही है। आए दिन बिहार से हत्याओं की खबर सामने आती है, एक हत्या के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पाते तब तक दूसरी हत्या हो जाती है। बिहार में जिस तरह हत्याएं हो रही हैं वो दिखाता है अपराधियों में प्रशासन को खौफ शून्य हो चुका है और वो पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं।

एक के बाद एक हत्याओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'सुशासन बाबू' की छवि को फीका किया ही है, साथ ही विपक्षी पार्टी भी बिहार सरकार पर हमलावर हो गई हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव हत्याओं को लेकर बार-बार नीतीश सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं।

पटना के पारस अस्पताल के अंदर घुसकर पांच बदमाशों ने जिस तरह एक इलाजरत अपराधी को फिल्मी अंदाज में गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया वो बताता है कि अपराधियों के मन में ना तो कानून का ही कोई खौफ है और ना ही पुलिस का डर। बिहार की कानून व्यवस्था पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।

बिहार में कानून व्यवस्था आज एक गंभीर चिंता का विषय- चिराग पासवान

चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था आज एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है। प्रतिदिन हत्याएं हो रही है, अपराधियों का मनोबल आसमान पर है। पुलिस प्रशासन की कार्यशैली समझ से परे है। आज पटना के रिहायशी इलाके में स्थित पारस अस्पताल के अंदर घुसकर अपराधियों द्वारा सरेआम गोलीबारी की घटना इस बात का प्रमाण है कि अपराधी अब कानून और प्रशासन को सीधी चुनौती दे रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बढ़ते अपराधिक मामले चिंताजनक है। उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस और कड़े कदम उठाएगी।

पटना के हाई सिक्योरिटी अस्पताल में गोलियों से भूनकर हत्या

पटना के हाई सिक्योरिटी पारस अस्पताल (Paras Hospital) में घुसकर 5 बदमाशों ने एक शख्स की हत्या करदी। वारदात को अंजाम देने आए पांचों बदमाश CCTV में कैद हो गए हैं। CCTV तस्वीरों में शूटर हथियारों के साथ मरीज वाले वार्ड में घुसते हुए और वारदात को अंजाम देकर भागते हुए नजर आ रहे हैं।

बदमाशों ने अस्पताल में घुसकर जिस शख्स पर गोलियां चलाई उसका नाम चंदन मिश्रा है। चंदन, बेऊर जेल से पैरोल पर बाहर आया था और पारस हॉस्पिटल में अपना इलाज करा रहा था। चंदन बक्सर में हुई केसरी नामक पेंट कारोबारी की हत्या के मामले में आरोपी था। उस पर हत्या और गैंगवार समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पहले बक्सर में चंदन-शेरू गैंग का आतंक था, लेकिन बाद में विवाद के चलते शेरू और चंदन अलग-अलग हो गए। इस वारदात की अभी तक किसी गैंग ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पुलिस को शक है कि शेरू गैंग ने हत्या को अंजाम दिया है।

इसे भी पढ़ें: Bihar: पटना के अस्पताल में चंदन मिश्रा को गोली मारने वाले 5 हथियारबंद अपराधियों का CCTV आया सामने, फायरिंग के बाद बेखौफ होकर फरार
 

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 17 July 2025 at 19:43 IST