Bihar: पटना के अस्पताल में चंदन मिश्रा को गोली मारने वाले 5 हथियारबंद अपराधियों का CCTV आया सामने, फायरिंग के बाद बेखौफ होकर फरार

पटना के पारस अस्पताल में हुए गोलीकांड का CCTV सामने आया है। CCTV में पांच शूटरों को हथियार लेकर मरीज वार्ड में जाते हुए देखा जा सकता है।

Follow : Google News Icon  

Patna Paras Hospital Firing : बिहार में बदमाशों को पुलिस और प्रशासन का जरा भी खौफ नजर नहीं आ रहा है। पटना के हाई सिक्योरिटी पारस अस्पताल में घुसकर 5 बदमाशों ने एक शख्स की हत्या करदी। वारदात को अंजाम देने आए पांचों बदमाश CCTV में कैद हो गए हैं। CCTV तस्वीरों में शूटर हथियारों के साथ मरीज वाले वार्ड में घुसते हुए और वारदात को अंजाम देकर भागते हुए नजर आ रहे हैं। 

बदमाशों ने अस्पताल में घुसकर जिस शख्स पर गोलियां चलाई उसका नाम चंदन मिश्रा है। चंदन, बेऊर जेल से पैरोल पर बाहर आया था और पारस हॉस्पिटल में अपना इलाज करा रहा था। चंदन बक्सर में हुई केसरी नामक पेंट कारोबारी की हत्या के मामले में आरोपी था। उस पर हत्या और गैंगवार समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पहले बक्सर में चंदन-शेरू गैंग का आतंक था, लेकिन बाद में विवाद के चलते शेरू और चंदन अलग-अलग हो गए। इस वारदात की अभी तक किसी गैंग ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पुलिस को शक है कि शेरू गैंग ने हत्या को अंजाम दिया है।

पूरी तरह बेखौफ दिखे बदमाश

पटना के हाई सिक्योरिटी वाले पारस अस्पताल में घुसकर एक कैदी को गोली मार दी गई। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बिहार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सामने आए CCTV में बदमाशों के चेहरे पर जरा भी खौफ नजर नहीं आ रहा है। यहां तक की उन्होंने अपने चेहरे भी नहीं ढके हुए हैं। वारदात को अंजाम देने आए पांचों बदमाशों के पास हथियार थे और वो बहुत आसानी से पिस्टल को लोड कर मरीज वाले वार्ड में चले गए।

घटना पर आया SSP का बयान

पारस अस्पताल में गोलीबारी की घटना पर SSP कार्तिकेय शर्मा ने कहा, "बक्सर जिले के दुर्दांत अपराधी चंदन मिश्रा पर हत्या के दर्जनों केस दर्ज थे और एक में ये सजायाफ्ता भी है। इनको बक्सर से भागलपुर जेल भेजा गया था। इलाजरत होने के कारण इनको पैरोल दिया गया था। संभवतः इनके विरोधी गुटों के लोगों ने इसे गोली मारी है। कई गोलियां लगी हैं। बक्सर पुलिस की मदद से गैंग के लोगों की पहचान की जा रही है। शूटर की तस्वीर मिल गई है।"

Advertisement

वारदात के सामने आने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोपी हमलावर गोलीबारी के बाद मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश भी की जा रही है।

ये भी पढ़े: MP: तिलक लगाने पर छात्रा को फटकार, प्रधानाचार्य ने स्कूल छोड़ने का सुनाया फरमान तो भड़के लोग, शिक्षा अधिकारी तक पहुंचा मामला



 

Advertisement
Published By:
 Sagar Singh
पब्लिश्ड