Bihar: 'मैं मरना पसंद करूंगा लेकिन उसे छोडूंगा नहीं, यादव-यादव चिल्लाया...', पप्पू यादव ने एनकाउंटर पर उठाए सवाल, मीसा भारती का बड़ा दावा
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार में पिछले कुछ महीनों से हो रही पुलिस मुठभेड़ों पर सवाल उठाए हैं। वहीं, RJD सांसद मीसा भारती ने भी इस मामले पर बड़ा दावा किया है और कहा कि एक ही समाज के लोगों का एनकाउंटर क्यों किया जा रहा है?
- भारत
- 5 min read
बिहार में पिछले कुछ महीनों के दौरान हुए पुलिस एनकाउंटर को लेकर सियासत पारा बढ़ते ही जा रहा है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए सम्राट चौधरी सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि सूबे में हुए सभी एनकाउंटर CBI जांच होनी चाहिए।
वहीं, RJD सांसद मीसा भारती ने बिहार एनकाउंटर विवाद पर बड़ा दावा करते हुए कहा कि एक ही समाज के लोगों का एनकाउंटर क्यों किया जा रहा है? उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस या कानून में एनकाउंटर का अधिकार नहीं है। पुलिस का काम है अपराधी को पकड़ें।
विपक्ष के लगातार आरोपों को खारिज करते हुए बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि "अपराधियों की कोई जाति, कोई धर्म नहीं होता है। राजद के शासन में सत्ता का संरक्षण अपराधियों को मिलता था इसलिए वे अपराध में भी जाति ढूंढ रहे हैं।" बता दें कि शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन संदिग्ध अपराधी मारे गए, जिसके बाद सियासत और अधिक गरमा गई है।
'मैं मरना पसंद करूंगा लेकिन उसे छोडूंगा नहीं...-पप्पू यादव
हाल में ही हुए बबलू कुमार और राजा शर्मा एनकाउंटर पर बिहार सरकार को घेरते हुए पप्पू यादव ने कहा "मेरा सीधा सवाल है कि आप CBI जांच करवाएं। आप न्यायालय से निगरानी करवाए, CDR(कॉल डिटेल रिकॉर्ड) निकालिए। पीछे से किसी को गोली नहीं लगी, केस में उनका नाम नहीं था, बबलू कुमार और राजा शर्मा पर कोई केस नहीं था।"
आगे उन्होंने कहा “बालू माफिया, छोटे प्रतिनिधि और जमीन माफियाओं के पैसों से ये हत्या की गई। गलत एनकाउंटर किया गया और यादव-यादव चिल्लाया गया। हमारे समाज को कोई आहत करेगा तो हम कोर्ट जाएंगे। पप्पू यादव मरना पसंद करेगा लेकिन उसे छोड़ेगा नहीं। यदि यादव समाज से कोई अपराधी है तो आप उसका एनकाउंटर कर दीजिए लेकिन किसी अपराधी के कारण हम संपूर्ण समाज को अपशब्द कहना नहीं सुनेंगे।”
अपराधियों को उसी की भाषा में जवाब देना सही-मृत्युंजय तिवारी
इस बीच एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के आरोप पर भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "अपराधियों की कोई जाति, कोई धर्म नहीं होता है। सम्राट सरकार में अपराधियों को उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। अगर अपराधी सम्राट सरकार की पुलिस को चुनौती देंगे तो पुलिस जवाब देगी। राजद के शासन में सत्ता का संरक्षण अपराधियों को मिलता था इसलिए वे अपराध में भी जाति ढूंढ रहे हैं।"
पिछले 7-8 महीने से एनकाउंटर का चलन क्यों?-मीसा भारती
RJD सांसद मीसा भारती ने एनकाउंटर विवाद राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा " इस मामले में किसी को राजनीति करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि एक जनप्रतिनिधि होने के कारण और बिहार की आम नागरिक होने के कारण भी मुझे ये जानने का अधिकार है कि बिहार में पिछले 7-8 महीने से यह एनकाउंटर का चलन क्यों चल गया है।'
एक ही समाज के लोगों का एनकाउंटर क्यों?-मीसा भारती
मीसा भारती ने आगे कहा "एक ही समाज के लोगों का एनकाउंटर क्यों किया जा रहा है? पुलिस या कानून में एनकाउंटर का अधिकार नहीं है। पुलिस का काम है अपराधी को पकड़ें। हम सभी का मानना भी यही है कि अपराधी का कोई जाति या धर्म नहीं होता है। ये प्रश्न हम बार-बार उठाते हैं। इस पर किसी को राजनीति नहीं करनी चाहिए।"
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 9 November 2026 at 23:26 IST