अपडेटेड 25 February 2025 at 17:34 IST
Bihar: 'ऊंट बैठियो जाए तो गधा से ऊंचा है...', लालू के साथ कांग्रेस का गठबंधन रहेगा जारी? सवाल पर क्या बोल गए पप्पू यादव
निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कांग्रेस और RJD के गठबंधन को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के बिना BJP को हराना मुश्किल है।
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाला है। चुनाव की सरगर्मी राज्य में दिखने लगी है। सियासी हलचल और बयानबाजी का क्रम भी तेज हो गया है। इसी कड़ी में बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कांग्रेस और RJD के गठबंधन को लेकर बड़ी बात कही है। पप्पू यादव ने दोनों पार्टियों में से एक को ऊंट तो दूसरे को गधा बताया है।
राजधानी पटना में जब पत्रकारों ने पप्पू यादव से सवाल किया कि विधानसभा चुनाव से पहले ऐसा कहा जा रहा है कि बिहार में चलेगी तो बस लालू यादव की ही चलेगी। इसके जवाब में पप्पू यादव ने कहा कि ऐसा कौन कह रहा है? लालू यादव मेरे सम्मानित नेता हैं, मगर कांग्रेस के बिना भाजपा को हराना मुश्किल है। गठबंधन है और कांग्रेस अपनी ओर से गठबंधन नहीं तोड़ती है। लालू यादव का सम्मान है तो कांग्रेस का भी सम्मान है। मुझे लगता है कि बिहार की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी होगी।
ऊंट बैठियो जाए तो गधा से ऊंचा होता है-पप्पू यादव
पप्पू यादव ने कांग्रेस को ऊंट बताते हुए कहा कि ऊंट बैठियो जाए तो गधा से ऊंचा होता है। उन्होंने आगे कहा कि लालू यादव की अपनी पार्टी है। कांग्रेस के लीडर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हैं और कांग्रेस के बगैर बीजेपी को चुनाव में हराना मुश्किल है। महासचिव महोदय ने किसी भी बात को कहा है तो संदर्भ के पीछे कांग्रेस की विचारधारा होती है। उन्होंने जो बात कही, हम लोग खाद बनने को तैयार हैं।
कांग्रेस के बगैर बीजेपी को हराना मुश्किल है-पप्पू यादव
पप्पू यादव ने यह भी कहा कि महासचिव जी जो जिम्मेदारी देंगे उस पर हम गिलहरी की तरह काम करने को तैयार हैं। निश्चित रूप से जो दायित्व पप्पू यादव, कन्हैया या किसी को भी दिया जाएगा, उस दायित्व के साथ हम महासचिव की विचारधाराओं के साथ खड़े रहेंगे। बिहार में कांग्रेस के अकेले लड़ने के सवाल पर पप्पू यादव ने कहा कि मुझे नहीं पता गठबंधन है या नहीं है। मगर इतना जरूर कह सकता हूं कि कांग्रेस कभी अपने तरफ से गठबंधन नहीं तोड़ती है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 25 February 2025 at 17:34 IST