Nitish Kumar: आज से नई पारी की शुरुआत करेंगे नीतीश कुमार, राज्यसभा सांसद के रूप में लेंगे शपथ; बिहार में नए CM को लेकर बढ़ी हलचल
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज, 10 अप्रैल से अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। वो राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे। इसके बाद नीतीश राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में सक्रिय हो जाएंगे।
लंबे समय तक बिहार की सत्ता पर एक छत्र राज करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज, 10 अप्रैल से अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 12.15 बजे वो राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। यहां से नीतीश कुमार बिहार की राजनीति को अलविदा कर दिल्ली पॉलिटिक्स की शुरुआत करेंगे। अब नीतीश के राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में सक्रिय होने से प्रदेश में अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर हलचल तेज हो गई है।
नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के लिए 9 अप्रैल गुरुवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। JDU राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और अन्य पार्टी नेताओं ने उनका एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया। आज, 10 अप्रैल को राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन उन्हें उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाएंगे।
नीतीश राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे शपथ
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12.15 बजे शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा। राज्यसभा के सभापति नीतीश कुमार को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ दिलाएंगे। बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। उम्मीद है कि दोनों आज के ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे। BJP के केंद्रीय नेतृत्व से किसी बड़े चेहरे के नीतीश के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की अटकले हैं।
इस दिन सीएम पद से दे सकते हैं इस्तीफा
नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा में शपथ लेने के बाद 11 और 12 अप्रैल को दिल्ली में रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक वो पीएम मोदी और अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। फिर पटना लौटने के बाद वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपगे। 13 अप्रैल को पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक हो सकती है। अगले मुख्यमंत्री के नाम पर भी बैठक में चर्चा संभव है। इसके बाद 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
बिहार की राजनीति में होगा बड़ा बदलाव
बिहार की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव होने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और नई सरकार गठन को लेकर सियासी गलियारों में सरगर्मी चरम पर है। बिहार की सियासत में इन दिनों सबसे बड़ा सवाल यही है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी पर अगला चेहरा किसका होगा। आज ही BJP ने नई सरकार के स्वरूप और नेतृत्व को लेकर दिल्ली में 'कोर ग्रुप' की बड़ी बैठक बुलाई है।
नए CM की रेस में कौन-कौन
बिहार के मुख्यमंत्री के रेस में कई नाम सामने आ रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस बार 'महिला मुख्यमंत्री' का नाम भी लिस्ट में शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि BJP न केवल जातीय समीकरण साधने की कोशिश में है, बल्कि 'आधी आबादी' को भी अपने पाले में करने की रणनीति बना रही है। अब तक डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था, लेकिन हालिया घटनाओं ने समीकरण बदल दिए हैं।
यह भी पढ़ें: Bengal Election से पहले टूट गया AIMIM-AJUP का गठबंधन
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 10 April 2026 at 09:42 IST