Bihar: CM आवास से नीतीश कुमार की विदाई, इस्तीफे से पहले शिफ्ट होने लगा सामान, बनेंगे लालू यादव के पड़ोसी; ये होगा नया ठिकाना
Bihar news: 14 अप्रैल को नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री आवास पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। सीएम हाउस से उनके सामान शिफ्ट करने की शुरुआत हो गई है।
Nitish Kumar Residence: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नई पारी का आगाज कर चुके हैं। उन्होंने शुक्रवार (10 अप्रैल) को राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली थी। वह जल्द ही सीएम पद से भी इस्तीफा देने वाले हैं। इससे पहले अब नीतीश कुमार का पता भी बदलने वाला है। वह पटना में स्थित मुख्यमंत्री आवास को खाली कर रहे हैं। उनका सामान 7 सर्कुलर रोड स्थित नए आवास में शिफ्ट किया जा रहा है।
सीएम नीतीश कुमार इससे पहले भी सात सर्कुलर रोड के इस बंगले में रह चुके हैं। 2014 के आम चुनाव में जब जेडीयू को हार का सामना करना पड़ा, तब नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने सीएम की कुर्सी छोड़ दी थी। तब पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते वे सी बंगले में रहे थे।
सीएम आवास से शिफ्ट हो रहा सामान
14 अप्रैल को नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री आवास पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। शनिवार (11 अप्रैल) एक अणे मार्ग (मुख्यमंत्री आवास) से कई ट्रैक्टर बाहर निकलते देखे गए, जिस पर सामान लदा हुआ था। ट्रैक्टर को सात सर्कुलर आवास भेजा गया।
लालू के बन जाएंगे पड़ोसी
सात सर्कुलर आवास नीतीश कुमार के लिए बेहद ही खास है। इस बंगले का निर्माण उनकी देखरेख में ही हुआ है। ये भूकंप के झटके भी झेल सकता है। वे यहां शिफ्ट होने से पूर्व सीएम लालू यादव के पड़ोसी बन जाएंगे। राबड़ी आवास यहां से दो घर छोड़कर ही है। दोनों बंगलों के बीच की दूरी महज 200 मीटर होगी।
बेहद खास है ये बंगला
7 सर्कुलर रोड पटना के VIP और हाई सिक्योरिटी जोन में आता है। यहां चारों ओर ऊंची दीवारें हैं और एंट्री गेट पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। साथ ही चप्पे-चप्पे पर निगरानी के लिए CCTV कैमरे भी लगे हैं। पुलिस और विशेष सुरक्षा बल की तैनाती है। आवास में आने वाले लोगों के लिए अलग चेकिंग गेट हैं।
बंगला भी बेहद शानदार है। इसमें मुख्य भवन के सामने और पीछे लॉन फैला है। लॉन के बीच तालाब जैसी जगह है, जहां छठ पूजा के समय अर्घ्य दिया जाता है। साथ ही बंगले के चारों तरफ पेड़-पौधे और हरियाली से घिरा हुआ शांत वातावरण है। अलग गार्डन और वॉकिंग एरिया भी मौजूद है।
कौन बनेगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री?
बिहार की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव होने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और नई सरकार गठन को लेकर सियासी गलियारों में सरगर्मी चरम पर है। बिहार के मुख्यमंत्री के रेस में कई नाम सामने आ रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस बार 'महिला मुख्यमंत्री' का नाम भी लिस्ट में शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि BJP न केवल जातीय समीकरण साधने की कोशिश में है, बल्कि 'आधी आबादी' को भी अपने पाले में करने की रणनीति बना रही है। अब तक डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था, लेकिन हालिया घटनाओं ने समीकरण बदल दिए हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 11 April 2026 at 17:07 IST