'इतने बड़े जनादेश के बाद भी सरकार में बदलाव क्यों...', नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने पर तेजस्वी ने उठाए सवाल, मैथिली ठाकुर ने क्या कहा?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य की शपथ ली है। इसके बाद उनके CM पद से इस्तीफे की अटकलें भी तेज हो रही है। शपथ लेते ही कई नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। एक तरफ मैथिली ने खुशी जताई है तो, दूसरी ओर तेजस्वी ने भी तंज कसते हुए प्रतिक्रिया दी है। जानें किसने क्या कहां? पढ़ें पूरी खबर।
- भारत
- 3 min read

Nitish Kumar Rajya Sabha Oath: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले ली है। संसद परिसर में शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात की। नीतीश कुमार ने कहा- 'पहले तो हम यहीं न थे।' शपथ के दौरान नीतीश कुमार के साथ जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, राज्यसभा सांसद संजय झा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई केंद्रीय मंत्री और बीजेपी-जदयू के कद्दावर नेता मौजूद थे। उन्होंने हिंदी में अपनी शपथ ली। शपथ लेने के बाद से उन्हें बधाई मिलनी शुरू हो गई। ताजी प्रतिक्रिया मैथिली ठाकुर की ओर से आई। साथ ही तेजस्वी यादव का भी तंज कसते हुए रिएक्शन सामने आया है।
तेजस्वी यादव बोले- ‘इन्हें सिर्फ कुर्सी पर बने रहने की मंशा है..’
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ लेने पर कहा कि वो ना चाहते हुए भी ये कर रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि, 'यह तो एक औपचारिकता है और ना चाहते हुए भी वो यह कर रहे हैं...उनपर दबाव है। हमने चुनाव में पहले ही कहा था कि उनको (मुख्यमंत्री) नहीं रहने दिया जाएगा...सवाल यह है कि इतने बड़े जनादेश के बाद भी सरकार में परिवर्तन आखिर क्यों किया जा रहा है?...बिहार की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है...लोग परेशान हैं...इन लोगों की केवल कुर्सी पर बने रहने की मंशा है...यह केवल बिहार को बदनाम और बर्बाद कर रहे हैं।'
मैथिली ठाकुर ने जताई खुशी
वहीं, भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ लेने पर कहा कि, 'हमें बहुत खुशी है कि वे अपने नए सफर की शुरूआत करने जा रहे हैं।'
नीतीश कुमार की संसदीय पारी शुरू, रिकॉर्ड भी बनाया
नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। फिर 30 मार्च को उन्होंने बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया दिया, अब उनका राज्यसभा में ये पहला कार्यकाल है। इससे पहले वे लोकसभा, विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं। इस तरह उन्होंने चारों सदनों का सदस्य बनने का रिकॉर्ड बना लिया है।
Advertisement
CM पद से इस्तीफे की अटकलें
सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार अब जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से 14 अप्रैल को बिहार का नया मुख्यमंत्री चुने जाने की संभावना भी जताई जा रही है। माना जा रहा है कि 14 अप्रैल को ही नीतीश कुमार राज्यपाल को इस्तीफा सौंप सकते हैं। 14 अप्रैल को NDA विधानमंडल दल की बैठक और 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण हो सकता है। यह घटनाक्रम बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजरें 14 अप्रैल पर टिकी हैं।