अपडेटेड 15 January 2025 at 12:28 IST
Bihar Politics: दही-चूड़ा भोज पर आज नीतीश और लालू की हो सकती है मुलाकात, जानिए कहां पकेगी सियासी खिचड़ी!
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज, बुधवार को एक बार फिर एक साथ नजर आ सकते हैं।
बिहार में मकर संक्रांति पर राजनीतिक दिग्गजों के यहां दही-चूड़ा भोज का आयोजन होता है। दरअसल, मकर संक्रांति के साथ ही खरमास खत्म हो जाता है और नए काम की शुरुआत के लिए अच्छे दिन शुरू हो जाते हैं। ऐसे में दही-चूड़ा भोज में सियासी दिग्गज कई अहम फैसले भी लेते हैं। ऐसे भोज में सियासी खिचड़ी भी खूब पकती है। यही वजह है कि इस वक्त बिहार की राजनीति पर सबकी नजरी टिकी होती है। आज, 15 जनवरी को राजधानी पटना में दही-चूड़ा भोज के लिए फिर से दिग्गजों का जमावड़ा लगने वाला है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज, बुधवार को एक बार फिर एक साथ नजर आ सकते हैं। राबड़ी आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में भले ही नीतीश को निमंत्रण नहीं मिला हो, मगर पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने अपने आवास पर दही-चूड़ा भोज के लिए दोनों दिग्गजों को निमंत्रण दिया है। इसी भोज के लिए पशुपति पारस ने CM नीतीश, लालू यादव के साथ-साथ बिहार के गर्वनर को भी निमंत्रण दिया है।
पशुपति पारस के आवास पर दही-चूड़ा भोज
आरएलजेपी (RLJP) प्रमुख पशुपति पारस के विधायक कॉलोना आवास पर 15 जनवरी को मकर संक्रांति को लेकर दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया है। पशुपति पारस के यहां आज दिग्गजों के जमावड़ा लगने वाला है। इस बार राजनेताओं का दही-चूड़ा भोज कई मायनों में खास है क्योंकि इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाला है। मगर इस भोज के लिए पशुपति ने भतीजे चिराग को निमंत्रण नहीं दिया है।
चिराग पासवान को नहीं मिला निमंत्रण
केंद्रीय मंत्री और लोजपा (R) प्रमुख चिराग पासवान ने भी मंगलवार को दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया था। मगर उन्होंने भी अपने चाचा पशुपति पारस को आमंत्रित नहीं किया था। दही-चूड़ा भोज के बहाने चाचा-भजीजे के बीच तल्ख रिश्ते एकबार फिर उजागर हो गए। वहीं, CM नीतीश इस भोज में पहुंचे थे, मगर चिराग से मुलाकात किए बिना ही लौट गए। इधर मंगलवार की शाम खुद पशुपति पारस लालू को निमंत्रण देने के लिए राबड़ी आवास गए थे। इस दौरान RJD सुप्रीमो से उनकी काफी देर बातचीत भी हुई।
नीतीश-लालू की हो सकती है मुलाकात
अब देखना होगा कि पशुपति पारस के दही-चूड़ा भोज में कौन-कौन से दिग्गज पहुंचते हैं। क्या लालू और नीतीश की आज मुलाकात होगी? आज के दही चूड़ा-भोज में क्या सियासी खिचड़ी पकड़ती है, इस पर सबकी नजरें टिकी है। क्योंकि CM नीतीश को लेकर बिहार में इन दिनों अलग ही हवा बह रही है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 15 January 2025 at 12:28 IST