अपडेटेड 5 March 2026 at 20:26 IST
Who Will be the Next Bihar CM: बिहार का नया मुख्यमंत्री कौन, रेस में ये नाम लेकिन क्या PM मोदी लेंगे चौंकाने वाला फैसला?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। वे जल्द सीएम पद छोड़कर दिल्ली जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री की रेस में मुख्य दावेदार सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल और नित्यानंद राय का नाम चर्चा में है। लेकिन पीएम मोदी चौंकाने वाला फैसला भी ले सकते हैं।
Bihar Next CM : बिहार में बड़े राजनीतिक बदलाव की इबारत लिखी जा चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद छोड़कर दिल्ली राज्यसभा जा सकते हैं। नीतीश कुमार ने खुद कहा है कि यह उनका पुराना सपना था कि वे बिहार विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा सभी चार सदनों का हिस्सा बनें।
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार में नया मुख्यमंत्री बनेगा। खास बात यह है कि पहली बार बीजेपी का नेता बिहार का मुख्यमंत्री बन सकता है, क्योंकि NDA में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि नई सरकार में बीजेपी का मुख्यमंत्री और जेडीयू से दो डिप्टी मुख्यमंत्री हो सकते हैं। जेडीयू से नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को भी डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है।
कौन होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री
बीजेपी ने हमेशा अपने फैसलों से राजनीतिक पंडितों को हैरान किया है। बिहार में अगले मुख्यमंत्री को लेकर कई बड़े नेताओं के नाम सीएम पद की रेस में चल रहे हैं। CM पद के लिए सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल और केंद्रीय नित्यानंद राय के नाम की चर्चा सबसे अधिक है।
- सम्राट चौधरी- बिहार के सियासी इतिहास में अभी तक बीजेपी का मुख्यमंत्री नहीं बना है। चर्चा है कि वर्तमान डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी BJP के पहले CM बन सकते हैं। बीजेपी में उनका अच्छा प्रभाव है और वे नीतीश कुमार के साथ मिलकर काम कर चुके हैं। OBC वर्ग के कुशवाहा समाज आने वाले सम्राट चौधरी ने संगठन और सरकार, दोनों स्तर पर काम किया है।
- दिलीप जायसवाल- बिहार सरकार में मंत्री और पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल का नाम भी चर्चा में है। दिलीप जायसवाल वैश्य समाज से आते हैं और सीमांचल के किशनगंज क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ है।
- नित्यानंद राय- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय भी इस रेस में शामिल हैं। वो पिछले 6 सालों से केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में काम कर रहे हैं।
क्या PM मोदी लेंगे चौंकाने वाला फैसला?
इनके अलावा विजय कुमार सिन्हा और संजीव चौरसिया जैसे कुछ अन्य नाम भी सुनाई दे रहे हैं। लेकिन राजनीति में कुछ भी हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर चौंकाने वाले फैसले लेते हैं। मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा और उत्तराखंड जैसे राज्यों में BJP ने सीएम पद को लेकर सबको हैरान किया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि बिहार में भी कोई सरप्राइज पैकेज आए और कोई नया या अप्रत्याशित चेहरा मुख्यमंत्री बन जाए।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 5 March 2026 at 20:26 IST