अपडेटेड 1 December 2025 at 20:25 IST

बिहार विधानसभा में 'रानी भारती मोमेंट', JDU विधायक विभा देवी हिंदी में भी नहीं पढ़ पाई शपथ, कहा- "सतत लेती हूं... विधि रखती हूं"

Vibha Devi Oath : बिहार की नवादा सीट से JDU की नवनिर्वाचित विधायक विभा देवी को विधानसभा में शपथ लेते समय हिंदी शपथ-पत्र को भी सही ढंग से पढ़ने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हो रही है। विभा देवी बाहुबली और पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव की पत्नी हैं।

Follow :  
×

Share


JDU विधायक विभा देवी हिंदी में भी नहीं पढ़ पाई शपथ | Image: Video Grab

Vibha Devi Oath VIDEO : बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान 18वीं विधानसभा के पहले सत्र में नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली। नवादा से जदयू की नई विधायक और बाहुबली राजबल्लभ की पत्नी विभा देवी हिंदी में भी शपथ पत्र नहीं पढ़ पाईं। वो बार-बार शब्दों पर अटकती रहीं। बगल में बैठी अपनी साथी विधायक मनोरमा देवी की मदद से किसी तरह उन्होंने शपथ पूरी की। उनका उच्चारण टूटा-फूटा था।

विभा देवी के शपथ ग्रहण का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जब जदयू विधायक शपथ ले रही थीं, तो सदन में नजारा देखने लायक रहा था, वहां मौजूद सदस्य उन्हें मुड़-मुड़ कर देख रहे थे। 

अब आप सोच रहे होंगे कि वो विधायक कैसे बन गईं? तो आपको बतादें, विभा देवी के पति राजबल्लभ यादव बाहुबली हैं। राजबल्लभ को साल 2016 में 9वीं कक्षा की छात्रा के साथ रेप के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी, लेकिन बाद में हाईकोर्ट ने बरी कर दिया। इस घटना ने प्रतिनिधियों की क्षमता, जनता की चुनावी सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

'मैं सतत लेती हूं... विधि रखती हूं'

यह वीडियो वेब सीरीज महारानी में हुए 'रानी भारती मोमेंट' की याद दिलाता है। जब एक साधारण अशिक्षित और घरेलू महिला रानी भारती अचानक बिहार की मुख्यमंत्री बन जाती है और जब शपथ लेने पहुंचती हैं, तो ठीक से शपथ पत्र नहीं पढ़ पाती। बिहार विधानसभा की ओर से जारी वीडियो में विभा देवी शपथ लेते हुए बार-बार अटक रहीं हैं। वो मुश्किल से शपथ पत्र को पढ़ रही हैं। विधायक विभा देवी शपथ पत्र पढ़ने के दौरान कहती हैं, 'सतत लेती हूं... विधी रखती हूं।'

चुनाव में मिले 87423 वोट

चुनावी हलफनामे के अनुसार विभा देवी की संपत्ति करीब 32 करोड़ रुपये है। इस विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी कौशल यादव को करारी शिकस्त दी। विभा देवी 87423 और RJD की कौशल यादव को 59829 वोट मिले थे।

ये भी पढ़ें: मधुबनी पेंटिंग वाली पीली साड़ी और पाग में Maithili Thakur ने मैथिली भाषा में ली शपथ, क्या हैं इसके मायने?

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 1 December 2025 at 20:25 IST