अपडेटेड 10 January 2026 at 13:21 IST

KC Tyagi से JDU ने बनाई दूरी, पार्टी बोली- 'हमारा कोई लेना-देना नहीं', नीतीश कुमार के लिए की थी भारत की रत्न की मांग

KC Tyagi के नीतीश कुमार को भारत रत्न देने और मुस्तफिजुर रहमान वाले बयानों से पार्टी ने दूरी बनाली है। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि उनके बयान निजी हैं, पार्टी से अब कोई औपचारिक संबंध नहीं। त्यागी का पार्टी में अध्याय समाप्त माना जा रहा है।

Follow :  
×

Share


बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ आया है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने पार्टी के वरिष्ठ नेता के.सी. त्यागी के हाल के बयानों से दूरी बना ली है। उन्होंने कहा कि केसी त्यागी के बयान का पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है।

के.सी. त्यागी लंबे समय से जेडीयू के साथ जुड़े रहे हैं। वे पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके हैं और नीतीश कुमार के करीबी माने जाते थे। कई सालों तक उन्होंने पार्टी की आवाज दिल्ली और देशभर में पहुंचाई। लेकिन हाल के महीनों में उनके कुछ बयानों से पार्टी के अंदर नाराजगी बढ़ गई।

क्या हैं केसी त्यागी के हालिया बयान?

केसी त्यागी ने हाल ही में दो बड़े बयान दिए थे, जो चर्चा में हैं। त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग की। उन्होंने नीतीश कुमार को समाजवादी आंदोलन का बड़ा नेता और एनडीए का संस्थापक बताया। त्यागी ने कहा कि नीतीश कुमार जैसे जीवित नेता को यह सम्मान मिलना चाहिए, जैसे चौधरी चरण सिंह और करपूरी ठाकुर को मिला।

एक दूसरे बयान में त्यागी ने कहा कि खेल और राजनीति को अलग रखना चाहिए। उन्होंने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल में खेलने की अनुमति देने की बात कही।

पार्टी ने क्या कहा?

इन बयानों के बाद जेडीयू ने साफ कर दिया कि ये पार्टी की लाइन से अलग हैं। जेडीयू के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने साफ शब्दों में कहा कि के.सी. त्यागी के बयान उनकी निजी राय हैं। इनका पार्टी के आधिकारिक रुख से कोई लेना-देना नहीं है। उनका पार्टी की गतिविधियों से अब ज्यादा संबंध नहीं रहा है। वे पार्टी में हैं भी या नहीं, यह कई कार्यकर्ताओं को भी पता नहीं है।"

केसी त्यागी जेडीयू के पुराने नेता हैं और पहले पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके हैं। सितंबर 2024 में उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से प्रवक्ता पद से इस्तीफा दिया था और राजीव रंजन प्रसाद को उनकी जगह नियुक्त किया गया। तब से त्यागी पार्टी की मुख्य गतिविधियों से दूर दिख रहे हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सेहत अच्छी है और वे राज्य के लोगों की सेवा में लगे हैं। 

ये भी पढ़ें: 'जब विवेक पर पर्दा पड़ जाता है, अहंकार सिर पर चढ़ जाता है...', रोहिणी आचार्य ने लिखी 'विरासत' को नष्ट करने की कहानी, चलाए शब्दों के तीर

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 10 January 2026 at 13:21 IST