जमुई छेड़छाड़ कांड के बाद सियासी बवाल, तेजस्वी यादव बोले- बिहार में महिला-छात्र सुरक्षित नहीं, नीतीश कुमार झोला उठाकर चल दिए और...
बिहार के जमुई में नाबालिग जोड़े से छेड़छाड़ मामले पर अब सियासी घमासान शुरू हो गया है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा बिहार में अराजक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। वहीं, जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह की भी प्रतिक्रिया आई है।
- भारत
- 4 min read
बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग जोड़े के साथ छेड़छाड़ मामले पर अब सियासी घमासान शुरू हो गया है। बिहार विधानसभा नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने अपने एक्स हैंडल पर जमुई की घटना का वीडियो शेयर करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा है।
तेजस्वी ने बिहार सरकार पर हमला करते हुए कहा 'महिलाओं को 10 हज़ार रूपया नगद देकर और चुनाव बाद दो लाख ₹ और देने का वादा करने वाले प्रधानमंत्री ऐसी घटनाओं पर मौनी बाबा बन चुके है। एनडीए सरकार में महिलाओं, छात्रों, गरीबों और दलितों पर अत्याचार में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है।' वहीं, इस घटना पर बिहार की मंत्री और जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह की भी प्रतिक्रिया आई है।
गुंडे अपराधी अब दिन दहाड़े अपराध कर रहे हैं-तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए एक्स पर कहा 'बिहार में अराजक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। बिहार में अब कहीं भी, कभी भी, कोई भी छात्रा और महिला सुरक्षित नहीं है। गुंडे अपराधी अब दिन दहाड़े स्कूलों, कॉलेज और घरों में घुसकर अपराध कर रहे है।'
आगे उन्होंने कहा 'महिलाओं को 10 हज़ार रूपया नगद देकर और चुनाव बाद दो लाख ₹ और देने का वादा करने वाले प्रधानमंत्री ऐसी घटनाओं पर मौनी बाबा बन चुके है। एनडीए सरकार में महिलाओं, छात्रों, गरीबों और दलितों पर अत्याचार में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। बिहार का खजाना लुटाकर तथा महिलाओं को 2 लाख रुपए देने का लालच देकर श्री नीतीश कुमार तो चार महीने में ही अपना झोला-झंडा उठाकर चल दिए।'
तेजस्वी ने पीएम मोदी को भी घेरा
तेजस्वी यादव पोस्ट में आगे कहा 'विधानसभा चुनाव के अंतिम 35 दिनों में बिहार के खजाने से ही एक बीमार मुख्यमंत्री से 41 हज़ार करोड़ रुपए बंटवाकर तथा तंत्र व यंत्र से विजय हासिल कर घमंड में डूबे बीजेपी के दो शीर्ष नेता नौसिखिए हाथों में बिहार की बागडोर देकर, पता नहीं बिहार से किस जुर्म का बदला ले रहे है? बिहार के इस हालात के अकेले ज़िम्मेवार प्रधानमंत्री श्रीमान @narendramodi जी हैं। भाजपा और उनकी पिछलग्गू पार्टियों को ऐसी घटनाओं पर शर्म भी नहीं आती।'
जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह ने क्या कहा?
घटना पर बिहार की मंत्री और जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा, "जमुई में हुई घटना निश्चित रूप से समाज को शर्मसार करने वाली है। यह घटना 19 तारीख की शाम को हुई थी। प्रशासन की ओर से कोई FIR दर्ज नहीं की गई थी। सोशल मीडिया पर सामने आईं तस्वीरों और वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने FIR दर्ज की और तुरंत कार्रवाई की जा रही है। सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।"
पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज, SIT गठित
इस घटना के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आगे की जांच के लिए S.I.T. टीम भी गठित कर दी गई है। वहीं, आरोपियों के खिलाफ जमुई थाना कांड सं०-428/26, दिनांक- 21.09.2026, धारा- 74 / 76/3(5) बी०एन०एस० एवं 08/12 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत दर्ज किया गया।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, वायरल वीडियो के अनुसार, रात के अंधेरे में एक कपल को कुछ अज्ञात लोगों की भीड़ ने घेर रखा है। इस बीच एक नकाबपोश आदमी महिला की तरफ बढ़ता है और उसे जबरन खींचकर अपने साथ ले जाने की कोशिश करता है। महिला बुरी तरह चीखती-चिल्लाती है और अपना बचाव करती दिखती है। हालात बिगड़ते देख युवक भी बीच-बचाव करने का प्रयास करता है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जमुई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 21 September 2026 at 17:05 IST