साथ-साथ पढ़ाई फिर नयनश्री की लग गई नौकरी... प्यार चढ़ा परवान तो राखी बनी राहुल और जेंडर बदल कर ली शादी, 2 बहनों की अनोखी प्रेम कहानी

सोशल मीडिया पर इन दिनों 2 बहनों की अनोखी लव स्टोरी की चर्चा है। यहां उन्होंने परिवार के खिलाफ जाकर अपने प्यार को शादी की मंजिल तक पहुंचाया। क्या है पूरी कहानी?

 
Follow :

Jamui News: बिहार (Bihar)  के जमुई (Jamui) से एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां रिश्ते में बहन लगने वाली दो लड़कियों (Cousin Sisters) की कोचिंग के दौरान नजदीकियां बढ़ीं। दोनों ने अपने रिश्ते को नाम देने का फैसला लिया, लेकिन सेम जेंडर इसके आड़े आ रहा था। इसके बाद राखी ने 8 लाख रुपये का लोन लेकर अपना जेंडर बदलवाया (Gender Change) और फिर अपने प्यार को शादी की मंजिल तक पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, BPSC टीचर नयनश्री (Nayanshree) ने रिश्ते में बहन लगने वाली राखी (Rakhi) उर्फ राहुल (Rahul) (जेंडर चेंज कराने के बाद बदला हुआ नाम) से मंदिर में शादी रचा ली। शादी के बाद नयनश्री राहुल के साथ अपने ससुराल पहुंची जहां सभी रस्में अदा की गई। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया धड़ल्ले से वायरल हो रही है।

रिश्ते में लगती हैं फुफेरी-ममेरी बहनें

नयनश्री और राखी दोनों रिश्ते में फुफेरी और ममेरी बहनें लगती हैं। नयनश्री की चाची और राखी के पिता भाई-बहन हैं। इसी कारण दोनों परिवारों के बीच अच्छा संपर्क है। ऐसे में दोनों लड़कियों का एक-दूसरे के घर आना-जाना भी लगा रहता था। बचपन से दोनों साथ में समय बिताती थीं। दोनों के बीच का रिश्ता इतना गहरा हो गया था कि उन्होंने साल 2019 में एक साथ मैट्रिक शिक्षा पास की। इसके बाद दोनों ने आगे की पढ़ाई भी जारी रखी।

पढ़ाई के लिए साथ गईं पटना

बताया जाता है कि मैट्रिक परीक्षा पास करने के बाद नयनश्री ने आगे की पढ़ाई करने के लिए पटना जाने की इच्छा जताई। लेकिन घर वाले उसे अकेले भेजने के लिए राजी नहीं हुए। इसी बीच, पता चला की राखी (अब राहुल) भी पढ़ाई के लिए पटना जाना चाहती है। दोनों को एक-दूसरे का साथ मिल जाएगा, ये सोचकर परिवार उन्हें भेजने के लिए तैयार हो गया।

दोनों के बीच गहराई नजदीकियां

फिर नयनश्री और राखी दोनों किराये पर कमरा लेकर पढ़ने लगीं। दोनों ही लड़कियां थी जिसके चलते घरवालों को उन पर शक भी नहीं हुआ। पटना में पढ़ाई के दौरान दोनों ही बीपीएससी परीक्षा की तैयारी करने में जुट गईं। इस दौरान दोनों और ज्यादा एक-दूजे के करीब आए। पिछले साल यानी 2025 में नयनश्री को बीपीएससी के जरिये टीचर की जॉब मिल गई। नयनश्री फिलहाल लक्ष्मीपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मेदनीपुर में टीचर के रूप में कार्यरत है।

शादी से पहले राखी ने कराया जेंडर चेंज

जॉब लगने के बाद नयनश्री ने राखी से शादी की बात की और वो राजी हो गई। इसके बाद नयनश्री की सलाह पर राखी ने 6 महीने पहले अपना जेंडर कराया। हरला पंचायत के वार्ड सदस्य राजेश दास का दावा है कि राखी ने दिल्ली स्थित एम्स में जेंडर चेंज की प्रक्रिया पूरी कराई। बताया जाता है कि इस दौरान वो करीब महीने भर तक अस्पताल में भर्ती रही थी। इस प्रक्रिया में लगभग 8 लाख रुपये खर्च हुए। इसमें से कुछ रकम लोन लेकर जुटाई गई थी।

नयनश्री ने क्यों नहीं कराया जेंडर चेंज?

राजेश का कहना है कि नयनश्री का मानना था कि अगर वो खुद जेंडर चेंज कराती हैं तो सरकारी टीचर होने के चलते आगे कुछ प्रशासनिक या सेवा संबंधी मुश्किलें पैदा हो सकती हैं। यही कारण है कि राखी ने अपना जेंडर चेंज करना का फैसला लिया।

घरवालों को कब पता चली रिश्ते की सच्चाई?

राखी (अब  राहुल) की बड़ी बहन रेणु देवी के मुताबिक, घरवालों को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इतना ही नहीं, जेंडर चेंज करवाने के एक महीने बाद उन्हें पूरी सच्चाई पता चली। रेणु का आरोप है कि नयनश्री के परिवार वालों को जैसे ही उसकी राखी उर्फ राहुल संग शादी की भनक पड़ी तो उन्होंने रविवार रात उनके घर पहुंचकर खूब हंगामा किया। इस शादी का विरोध किया और घर का गेट तक तोड़ने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख परिवार ने दोनों को पिछले दरवाजे से निकाला।

राहुल-नयनश्री को खोजने में जुटा परिवार

इस विरोध के बाद राहुल और नयनश्री घर छोड़कर कहीं चले गए हैं। दोनों की लोकेशन की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। दोनों परिवार अपने-अपने स्तर पर उन्हें खोजने की कोशिश कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें: '300 में बैच आता है, इसके लिए जमीन बेचनी पड़ी?' पति ने लगाया 'धोखे' का आरोप तो पत्नी ने दिया जवाब, टीचर बनी गुंजन ने बताया खान सर वाला कनेक्शन

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 2 June 2026 at 14:37 IST