अपडेटेड 10 March 2026 at 14:30 IST
T20 World Cup: बच्चे ने पहनाई माला तो चूम लिया... वर्ल्ड कप जीत कर पटना पहुंचे ईशान किशन का भव्य स्वागत; युवा क्रिकेटरों को दिया खास संदेश
टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने के बाद जब ईशान किशन अपने गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना पहुंचे, तो उनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ नजर आई। एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ।
टी20 विश्व कप 2026 में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बाद अब टीम इंडिया के खिलाड़ी अपने-अपने होम टाउन पहुंच रहे हैं। भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन मंगलवार,10 मार्च को पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ नजर आई। परिवार के सदस्यों ने एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया। भारतीय टीम की शानदार जीत पर ईशान किशान ने कहा,बहुत अच्छा लग रहा है। आगे भी हमारी मेहनत जारी रहेगी।
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने के बाद जब ईशान अपने गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना पहुंचे, तो उनका कॉन्फिडेंस देखने लायक था। हीरो की तरह वो पटना एयरपोर्ट से बाहर निकले। एयरपोर्ट पर उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे, जिन्होंने उन्हें गले लगाकर बधाई दी। इस दौरान एक छोटे बच्चे ने उन्हें माला पहनाई, जिसके बाद ईशान ने प्यार से बच्चे को किस किया और बच्चे ने भी उन्हें वापस किस किया। यह प्यारा पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एयरपोर्ट पर ईशान किशन का जोरदार स्वागत
मीडिया से बातचीत में ईशान ने भारत की जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। भारतीय टीम जीती है। यह हमारे लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए बहुत बड़ी बात है। हम उम्मीद करेंगे कि आगे भी ऐसे ही क्रिकेट खेलते रहें और जीतते रहें। लोगों का प्यार और समर्थन ही आगे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।"
मेहनत से आप कहीं से भी आगे बढ़ सकते हैं- ईशान किशन
वहीं, पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में ईशान किशन ने कहा, "मैं जितना अच्छा करूंगा, इससे उन यंग बच्चों के लिए काफी मोटिवेशन होगा। मैं अपनी तरफ से हमेशा कोशिश करता हूं कि जितने प्लेयर हैं, हर जगह से बढ़ सकें। अभी हमने वर्ल्ड कप खेला है, इससे ये साबित होता है कि बस मेहनत करनी है और कहीं से भी आप आगे बढ़ सकते हो।"
टी20 विश्व कप में ईशान किशन का शानदार प्रदर्शन
बता दें कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से मात देकर टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया की इस जीत में ईशान किशन की पारी का भी बड़ा योगदान रहा। पूरे सीरीज में ईशान ने शानदार खेल दिखाया। ईशान किशन ने खिताबी मुकाबले में भी अर्धशतक जड़ा। ईशान ने 4 छक्के और 4 चौके की मदद से 25 गेंदों पर 54 रन की शानदार पारी खेली थी।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 10 March 2026 at 14:30 IST