मां की मौत से टूट गया था बाप, 4 बच्चों को पिलाया जहर मिला दूध, 3 की मौत; बिहार के आरा में छाया मातम
बिहार में एक पिता ने अपने अपने चार बच्चों को पहले पसंदीदा खाना खिलाया। इसके बाद दूध में जहर डालकर उन्हें पिला दिया।
- भारत
- 2 min read
Bihar News: बिहार के आरा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपने अपने चार बच्चों को पहले पसंदीदा खाना खिलाया। इसके बाद दूध में जहर डालकर उन्हें पिला दिया। बाद में, पिता ने खुद भी जहर वाला दूध पी लिया। इनमें से तीन की मौत हो गई है। हत्या और आत्महत्या की इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह पूरी घटना जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बेलवनिया गांव की बताई जा रही है। कथिततौर पर अरविंद कुमार (बच्चों का पिता) अपनी पत्नी की मौत से परेशान रहता था। अकेले चार बच्चों का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा था। इससे परेशान होकर अरविंद ने मंगलवार की देर रात ऐसा कदम उठाया। उसने बच्चों के साथ खुद भी जहर खा लिया। चार में तीन बच्चों की मौत हो गई है। वहीं पिता और एक बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिजनों ने बताया- दरवाजा तोड़ा तो देखा कि…
बताया जा रहा है कि गांव में पड़ोस में जश्न का माहौल था। किसी की शादी थी जिसमें शामिल होने के लिए सभी लोग गए थे। परिजनों का कहना है कि परिवार के बाकी लोग भी उसी में शामिल होने पहुंचे थे। जब वापस घर लौटे तो कई बार दरवाजा खटखटाया लेकिन नहीं खुला। इसके बाद हार मानकर दरवाजा तोड़ना पड़ा। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर जो देखा उससे सभी के होश उड़ गए। पिता समेत चार बच्चे गंभीर हालत में पड़े मिले। इसके बाद आनन-फानन में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
'पत्नी की हो चुकी थी मौत और ले रखा था कर्ज'
कहा यह भी जा रहा है कि अरविंद की पत्नी का लगभग 8 महीने पहले देहांत हो गया था। उस समय उन्होंने काफी कर्ज ले रखा था। इसी वजह से वह आठ महीने से परेशान चल रहे थे। हो सकता है कि इसी वजह से उन्होंने बच्चों समेत अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला किया हो।
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
फिलहाल इस घटना के असल कारण का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और मुख्य कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 12 March 2025 at 10:56 IST