चुनावों के बीच दुलारचंद यादव की हत्या... 4 दिनों तक सियासी उबाल, फिर बाहुबली अनंत सिंह की गिरफ्तारी, हत्याकांड में अबतक क्या-क्या हुआ?
दुलारचंद यादव हत्याकांड को लेकर बिहार में सियासी पार हाई है। इस बीच हत्याकांड के मुख्य आरोपी बाहुबली और JDU उम्मीदवार अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानतें हैं हत्याकांड में अब तक क्या-क्या हुआ?
पूर्व RJD नेता और एक वक्त में लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाने वाले दुलारचंद यादव की 30 अक्टूबर को बिहार के मोकामा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दुलारचंद यादव जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार कर रहे थे। चुनाव प्रचार के दौरान दो गुटों के बीच फायरिंग हुई थी, जिसमें दुलारचंद यादव को गोली लग गई थी। बाहुबली और JDU उम्मीदवार अनंत सिंह पर उनकी हत्या का आरोप। घटना के करीब चार दिन बाद शनिवार देर रात को छोटे सरकार उर्फ अनंत सिंह को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आईए जानते हैं इस हत्याकांड में अबतक क्या-क्या हुआ?
बिहार में पहले चरण के लिए मतदान से महज कुछ दिन पहले 30 अक्टूबर को मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। दुलारचंद यादव, जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। तभी दो गुटों बीच हिंसक झड़प हो गई। झड़प फायरिंग और मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से पत्थरबाजी और गोलीबारी होने लगी। घटना के कुछ वीडियो सामने आए थे जिसमें दुलारचंद भी पत्थरबाजी करते नजर आए थे।
30 अक्टूबर को दुलारचंद यादव की हत्या
गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई और लोग भागने लगे। जन सुराज के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी ने दोपहर करीब 3 बजे फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि मोकामा से JDU उम्मीदवार और ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर बाहुबली अनंत सिंह ने इस हमले की साजिश रची थी और गोली लगने से दुलारचंद यादव की मौत हो गई।
मोकामा से पटना तक सियासी पारा हाई
दुलारचंद यादव की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। मोकामा से लेकर पटना तक सियासी पारा हाई हो गया। विपक्ष कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर हमलावर हो गई। NDA के शासनकाल को RJD जंगलराज बताने लगी तो आरोपियों को बचाने का भी आरोप लगने लगा। मगर सरकार की ओर लगातार दावा किया जा रहा था कि आरोपियों के खिलाफ शख्त कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सनसनीखेज खुलासा
इस बीच दुलारचंद यादव हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी होने के बाद सनसनीखेज खुलासा हुआ। 1 नवंबर को डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी कर बताया कि उनकी हत्या गोली लगने नहीं हुई थी। दुलारचंद यादव के शव का पोस्टमॉर्टम तीन डॉक्टरों की मेडिकल बोर्ड ने किया है, जिसकी रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है। डॉ अजय जो मेडिकल बोर्ड में शामिल थे उन्होंने बताया की गोली पैर के एंकल में लगी थी और वो आर-पार हो गई थी इससे मौत नहीं हो सकती है। मगर उनके शरीर पर चोटों के निशान मिले। यह भी कहा जा रहा है कि उनकी मौत फेफड़ा फटने और सीने की पसलियां टुटने से हुई है।
हत्या के आरोप में अनंत सिंह गिरफ्तार
दुलारचंद यादव के परिवार की ओर से अनंत सिंह के खिलाफ थाने में FIR दर्ज करवाई गई थी, बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल खड़े हो रहे थे। वहीं, विपक्षी पार्टियां भी पुलिस के एक्शन पर सवाल उठा रही थी। शनिवार देर रात पटना पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी बाहुबली और JDU उम्मीदवार अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने देर रात अनंत सिंह को बाढ़ के कारगिल मार्केट से गिरफ्तार किया। देर रात को ही अनंत सिंह को पटना लाया गया। अनंत सिंह के सहयोगी मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी गिरफ्तार किया गया है। अब तीनों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। जिसके बाद पुलिस रिमांड पर लेगी।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 2 November 2025 at 10:42 IST