अपडेटेड 12 March 2026 at 11:38 IST

दोनों पैर दिव्यांग, मगर हौसला अटूट! पैर घसीटकर 2km स्कूल जाती है बिहार की बेटी, संघर्ष देख मैथिली ठाकुर बनीं उम्मीद की किरण

बिहार की बेटी सोनी पैर से दिव्यांग है। लेकिन उसके जज्बे ने लोगों का ध्यान खींच लिया। बच्ची भले ही पैरों से दिव्यांग है, लेकिन उसकी आंखों में सुनहरे भविष्य के सपने और अटूट आत्मविश्वास की चमक है।

Follow :  
×

Share


Maithili Thakur | Image: x

Maithili Thakur: 'मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है...' ये लाइन बिहार के गोपालगंज की उस मासूम बच्ची पर सटीक बैठ रही है जो दोनों पैर से दिव्यांग है। इसके बावजूद बच्ची रोजाना करीब दो किलोमीटर दूर पैर घसीटते हुए स्कूल जाती है। हाल ही में बच्ची का ये वीडियो वायरल हो गया, जिसने बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर का ध्यान खींच लिया।

बिहार के मधुबनी की बेटी, लोक गायिका और दरभंगा के अलीनगर से बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने बच्ची के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है।

पिता की मौत, मां मजदूरी करने पर मजबूर…

वायरल वीडियो के मुताबिक, बच्ची गोपालगंज के रामनगर गांव की रहने वाली है। उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है। घर की स्थिति अत्यंत दयनीय है। मां मजदूरी करके किसी तरह बच्चों का पेट पालती है। पहली कक्षा में पढ़ने वाली सोनी भले ही पैरों से दिव्यांग है, लेकिन उसकी आंखों में सुनहरे भविष्य के सपने और अटूट आत्मविश्वास की चमक है। वो पढ़-लिखकर डॉक्टर बनना चाहती है, जिससे की समाज की सेवा कर सके। आर्थिक तंगी और शारीरिक परेशानी के बावजूद उसके हौसले बुलंद है।

मैथिली ठाकुर ने वीडिया पर लिया संज्ञान 

वीडियो में दावा किया गया है कि बच्ची के लिए स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग से कई बार व्हीलचेयर के लिए आवेदन दिया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सरकारी दफ्तरों की चौखटों पर बच्ची और उसकी मां की न्याय की उम्मीद दम तोड़ती रही। इस बीच बच्ची का एक वीडियो वायरल हो गया जिसने हर किसी का ध्यान खींचा, इसमें मैथिली ठाकुर के अलावा कवि कुमार विश्वास का नाम भी शामिल है।

वायरल वीडियो पर बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने संज्ञान लिया। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो को रीट्वीट करते हुए लिखा, 'इनका नंबर,पता, नाम मुझे कृपया जल्द से जल्द उपलब्ध करायें।'

जिलाधिकारी को लगाया फोन और…

उन्होंने आगे लिखा, ‘बहुत खुशी के साथ साझा कर रही हूं कि सोनी कुमारी को कल ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में मेरी गोपालगंज के जिलाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा जी से फोन पर बात हुई और उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए यह सुनिश्चित किया कि बच्ची को कल ही ट्राइसाइकिल मिल जाए। उनका हृदय से धन्यवाद।’

मैथिली ने लिखा, 'सोशल मीडिया की सकारात्मक शक्ति को मेरा नमन और सोनी कुमारी के उज्ज्वल भविष्य के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।'

कुमार विश्वास का भी पसीजा दिल

उनके अलावा कवि कुमार विश्वास ने भी बिटिया की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा, 'क्या कोई इस बिटिया के परिवार के किसी व्यक्ति का नंबर  दिला सकता है जिसके माध्यम से बिटिया को सुविधा सुलभ कराई जा सके?  @TheVishwastrust या @OfficeOfDKV के संदेश बॉक्स में मुहैया कराएं।'

यह भी पढ़ें: 'रिचार्ज खत्म होने पर इनकमिंग कॉल बंद होना उचित नहीं', अब राघव चड्ढा ने संसद में उठा दिया ये मुद्दा, मोबाइल ग्राहकों को मिलेगी राहत?
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 12 March 2026 at 11:38 IST