अपडेटेड 1 March 2026 at 21:29 IST

5 दिन पहले घर में गूंजी थी शहनाई, अब उठी अर्थियां, बिहार में 3 भाईयों समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, जानें मामला

Vaishali Septic Tank Tragedy: बिहार के वैशाली में सेप्टिक टैंक हादसे में शिवजी साह के परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में मरने वालों में तीन भाई और एक भतीजा शामिल है।

Follow :  
×

Share


प्रतिकात्मक फोटो | Image: ANI

Bihar News: बिहार के वैशाली से ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को झकझोर दिया है। यहां सराय थाना इलाके में स्थित अनवरपुर गांव में रविवार को एक ही घर में 4 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान ले ली। हादसे में मरने वालों में तीन भाई और एक भतीजा शामिल हैं। 

5 दिन पहले ही हुई थी शादी

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में मरने वालों में 24 वर्षीय सबसे छोटे भाई राहुल कुमार की शादी पांच दिन पहले ही हुई थी और आज ये हादसा हो गया। इसके बाद इस घटना से गांव में मातम पसर गया है। बताया जा रहा है कि यह हादसा तब हुआ जब परिवार के सदस्य एक-दूसरे को बचाने के लिए बारी-बारी से टैंक में उतरने लगे।

मृतक के चचेरे भाई मनोज कुमार के अनुसार, शिवजी साह के तीन बेटे- आनंद, राहुल और पंकज असम में मजदूरी करते थे। सभी राहुल की शादी के लिए ही 20 दिन पहले गांव आए थे।

मृतकों की पहचान

  • आनंद कुमार (46 साल): शिवजी साह का बड़ा बेटा।
  • राहुल कुमार (24 साल): शिवजी साह का छोटा बेटा।
  • पंकज कुमार: शिवजी साह का मंझला बेटा।
  • प्रियांशु कुमार (18 साल): आनंद कुमार का बेटा।

कैसे हुआ हादसा?

परिजनों के मुताबिक, रविवार दोपहर 12 बजे 15 फुट गहरे सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान हादसा हो गया। 18 साल का प्रियांशु सबसे पहले टैंक में उतरा, लेकिन 15 मिनट बाद उसकी आवाज आनी बंद हो गई। उसके पिता आनंद कुमार उसे देखने गए, लेकिन वो भी बेहोश हो गए। फिर आनंद के भाई पंकज और राहुल उन्हें बचाने टैंक में उतरे, लेकिन वे भी अंदर ही अचेत हो गए।

हादसे की खबर फैलते ही गांव वाले मदद के लिए पहुंचे। इसके बाद 3 और लोग उन्हें बचाने टैंक में उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी को बाहर निकाला। लेकिन, इससे पहले ही 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं, बाकियों का इलाज चल रहा है।

खुशियां मातम में बदलीं

इधर नई-नवेली दुल्हन, जिसके हाथों की मेहंदी भी अभी नहीं उतरी थी, उसका सुहाग उजड़ गया है। इस खबर ने सभी को भावुक कर दिया है। वहीं शिवजी साह के घर में चार चरागों का बुझने से पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं बाकी तीन गांव वालों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें:  तमिलनाडु-पुडुचेरी को PM मोदी की बड़ी सौगात, कांग्रेस-DMK पर जमकर बरसे; कहा- ‘ये राज्य की विकास यात्रा में स्पीड ब्रेकर’

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 1 March 2026 at 21:29 IST