अपडेटेड 1 March 2026 at 19:17 IST
तमिलनाडु-पुडुचेरी को PM मोदी की बड़ी सौगात, कांग्रेस-DMK पर जमकर बरसे; कहा- ‘ये राज्य की विकास यात्रा में स्पीड ब्रेकर’
PM Modi In South: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु और पुडुचेरी को 7000 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं को सौगात दी। मदुरै में उन्होंने कांग्रेस और DMK को विकास का 'स्पीड ब्रेकर' बताया और पुडुचेरी को मेडिकल टूरिज्म हब बनाने की बात की।
- प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी
- 3 min read

PM Modi In South: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दक्षिण भारत के अपने महत्वपूर्ण दौरे के दौरान तमिलनाडु और पुडुचेरी को विकास की बड़ी सौगात दी। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर, पीएम का यह दौरा राजनीतिक और विकास के दृष्टिकोण से काफी अहम है।
मदुरै और पुडुचेरी में आयोजित कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री ने 7000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कांग्रेस और DMK को घेरते हुए कहा कि ये दल विकास यात्रा में स्पीड ब्रेकर का काम कर रहे हैं।
मदुरै में करोड़ों की विकास योजनाओं का लोकार्पण
प्रधानमंत्री ने मदुरै में लगभग 4,400 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की नींव रखी और कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। इसमें बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के लिए 8 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों और 3 नए आकाशवाणी FM केंद्रों का शुभारंभ शामिल है।
मदुरै में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'विकसित भारत' के सपने को पूरा करने के लिए 'विकसित तमिलनाडु' का होना अनिवार्य है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मराक्कनम-पुडुचेरी और परमकुडी-रामनाथपुरम खंडों को 4-लेन बनाने की आधारशिला रखी।
Advertisement
पुडुचेरी बनेगा मेडिकल टूरिज्म हब
तमिलनाडु के बाद प्रधानमंत्री पुडुचेरी पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया। साथ ही पीएम ने पुडुचेरी दौरे के दौरान 2700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस दौरान पीएम ने विश्वास जताया कि पुडुचेरी आने वाले समय में देश का एक बड़ा मेडिकल टूरिज्म हब बनेगा। उन्होंने JIPMER के क्षेत्रीय कैंसर केंद्र के आधुनिकीकरण और तीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स की आधारशिला रखी।
Advertisement
‘कांग्रेस ने पुडुचेरी को एटीएम बनाया’
अपने स्पीच के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और DMK पर तीखे राजनीतिक हमले किए। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस ने पुडुचेरी को दिल्ली में बैठे 'एक परिवार' के लिए 'ATM' की तरह इस्तेमाल किया। वहीं DMK पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि तमिलनाडु में घोटालों की एक लंबी सूची है।
पीएम ने इस दौरान लोगों से पूछा कि क्या वे पुडुचेरी को फिर से उसी भ्रष्टाचार और अपराध के दौर में ले जाना चाहते हैं? उन्होंने जोर देकर कहा कि ये पार्टियां केवल सत्ता की भूखी हैं और इन्होंने हमेशा जनता के विकास को रोका है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 1 March 2026 at 19:17 IST