अपडेटेड 20 February 2026 at 22:50 IST
बिहार पुलिस में 60,000 पदों पर होगी सीधी भर्ती, 'पुलिस दीदी' करेंगी बेटियों की सुरक्षा; सम्राट चौधरी ने किया ऐलान
Bihar Police Bharti 2026: बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में 60,000 से अधिक पदों पर भर्ती की घोषणा की है। गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए 'पुलिस दीदी' (अभया ब्रिगेड), औद्योगिक सुरक्षा बल और SSG के गठन का भी ऐलान किया।
Bihar Police Bharti 2026: बिहार की नीतीश सरकार ने राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में घोषणा की है कि गृह विभाग में जल्द ही 60,000 से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
यह भर्ती प्रक्रिया मार्च 2027 तक पूरी करने का लक्ष्य है। गृह विभाग इस भर्ती प्रक्रिया के लिए 20,132 करोड़ रुपये से अधिक का बजट खर्च करेगा, जिसके लिए पहले ही मंजूरी दे दी गई है।
सिपाही से लेकर सैप जवानों तक की होगी भर्ती
सम्राट चौधरी ने सदन में पुलिसिंग का रोडमैप साझा करते हुए बताया कि कुल नियुक्तियों में 31,000 पद सिर्फ सिपाहियों के लिए होंगे। वहीं, बिहार औद्योगिक सुरक्षा बल (BISF) में 13,500 पद और पैरा मिलिट्री फोर्स के माध्यम से 17,000 सैप (SAP) जवानों की बहाली की जाएगी।
CISF की तर्ज पर राज्य का अपना सुरक्षा बल उद्योगों को सुरक्षा प्रदान करेगा। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अग्निवीरों के लिए पुलिस भर्ती में विशेष आरक्षण का भी प्रावधान लागू किया जाएगा, जिससे सेना से लौटे युवाओं को लाभ मिल सके।
महिलाओं के लिए होगा 'अभया ब्रिगेड'
राज्य में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरकार ने 'अभया ब्रिगेड' यानी 'पुलिस दीदी' के गठन का एलान किया है। यह दस्ता एंटी रोमियो स्क्वॉयड की तर्ज पर काम करेगा और स्कूल-कॉलेजों के बाहर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। इसके लिए सरकार 1500 स्कूटी और 2500 मोटरसाइकिलें खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है।
इसके अलावा, बिहार की सभी 40 पुलिस लाइनों में 'जीविका दीदी की रसोई' स्थापित की जाएगी और वहां रहने वाले पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए विशेष स्कूलों का निर्माण भी किया जाएगा।
SSG का भी होगा गठन
सम्राट चौधरी ने आगे बताया कि केंद्र सरकार की तर्ज पर बिहार में अब अपनी स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) और स्पेशल बम निरोधक दस्ते का भी गठन होगा। इसके अलावा आग की घटनाओं को रोकने के लिए एआई (AI) आधारित 'फायर प्रीडिक्शन ऑटोमेशन फेज-2' लागू किया जाएगा।
CCTV कैमरों से होगी जेलों की निगरानी
सम्राट चौधरी ने अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि महिला अपराध करने वालों पर पुलिस को कार्रवाई की पूरी छूट है। जेलों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी अब सीसीटीवी कैमरों से होगी, जिससे यह पता चल सकेगा कि किस कैदी से कौन मिलने आ रहा है।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 20 February 2026 at 22:50 IST