Bihar: पटना में भारी बवाल, CM आवास घेराव मार्च के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प; प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए चलाई वॉटर कैनन
पटना के गांधी मैदान से राजभवन की ओर मार्च कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
- भारत
- 4 min read
झारखंड के बाद अब बिहार में छात्रों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। राजधानी पटना में मंगलवार को छात्रों ने मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए मार्च निकाला। वहीं, पुलिस ने छात्रों के मार्च को रोकने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रही है। इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
शिक्षक बहाली के नियमों में हुए बदलाव के विरोध में कई छात्र संगठन और राजनीतिक दलों ने भी छात्रों के इस प्रदर्शन का समर्थन किया है। छात्रों ने सुबह करीब 11 बजे गांधी मैदान से मार्च शुरू किया था। प्रदर्शकारी राजभवन होते हुए मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचना था। राजभवन की ओर बढ़ते हुए छात्रों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ दिए। इसके बाद हालात बेकाबू हो गए।
सीएम आवास मार्च के दौरान भारी बवाल
जब प्रदर्शनकारी छात्र डाक बंगला चौराहे तक पहुंचे, तो पुलिस ने कुछ छात्र नेताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच झड़प भी हो गई। मार्च को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। एक तरफ छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश में जुटे रहे, वहीं पुलिस की पूरी तैयारी उन्हें वहां तक पहुंचने से रोकने की है।
छात्रों के प्रदर्शन पर शिक्षा मंत्री ने क्या कहा?
छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा, "जिन-जिन मुद्दों को लेकर छात्र धरने पर बैठे थे, उनके सभी मुद्दों का समाधान कर दिया गया है। सरकार की नियति ही है कि हम अपने युवाओं की समस्याओं का समय पर निदान करें। युवा जो-जो विषय लेकर आए, हम लोगों ने उसका समाधान किया।"
तेजस्वी पर शिक्षा मंत्री का तंज
"मुझे यह सुनकर हैरानी हुई कि जिस इंसान ने 10वीं की बोर्ड की परीक्षा तक नहीं दी, वो परीक्षा पर सुझाव दे रहे हैं। इसी वजह से में तेजस्वी जी को फिर कहूंगा कि एक बार हमारे बिहार सरकार के स्कूल में दाखिला लीजिए, 10वीं पास कीजिए और फिर आकर हमें परीक्षा पर सुझाव दीजिए। हमें आपका सुझाव बहुत अच्छा लगेगा।"
सरकार के आश्वासन के बावजूद मार्च पर अडे़ छात्र
सरकार से सकारात्मक बातचीत के बावजूद आंदोलनकारी छात्रों ने मंगलवार को पटना में मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया। छात्र 70वीं बीपीएससी परीक्षा रद्द करने समेत कई मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हुए हैं। वे टीचर भर्ती वाली परीक्षा टीआरई-4 में पीटी-मेंस प्रणाली और निगेटिव मार्किंग हटाने की मांग पर भी अड़े हैं। सरकार की ओर से कई मांगें मानने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद छात्र सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
छात्रों की प्रमुख मांगें-
- 70वीं BPSC परीक्षा रद्द की जाए
- TRE-4 शिक्षक भर्ती के लिए एकल परीक्षा ली जाए
- पीटी-मेंस न हो, नए प्रयोग टीआरई-5 से शुरू किए जाएं
- निगेटिव मार्किंग का प्रावधान न हो
- BPSC , दारोगा सहित सभी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए
- डोमिसाइल नीति लागू की जाए और आयु सीमा बढ़ाई जाए
- सरकारी भर्तियों में उम्र सीमा में छूट दी जाए
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 25 August 2026 at 13:21 IST