Bihar: कन्हैया कुमार बनेंगे बिहार में कांग्रेस का 'खेवनहार'? बेगूसराय यात्रा को राहुल गांधी देंगे धार, विपक्ष कर रहा प्रहार
कन्हैया कुमार की अगुआई में बिहार के बेगूसराय में चल रही कांग्रेस की 'पलायन रोको, नौकरी दो' पदयात्रा में सोमवार को राहुल गांधी शामिल हुए।
- भारत
- 4 min read
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव में अब महज छह से सात महीने का समय शेष है। ऐसे में राज्य में चुनावी गतिविधियों में भी तेजी आ गई है। कांग्रेस के युवा नेता कन्हैया कुमार भी 'चुनावी दंगल' में कूद गए हैं क्योंकि इस बार पार्टी ने उनके कंधे पर बड़ी जिम्मेदारी दी है। प्रदेश अध्यक्ष बदलने के बाद पार्टी ने बिहार में कन्हैया कुमार के नेतृत्व में 'पलायन रोको, नौकरी दो' पदयात्रा शुरू की। आज, 7 अप्रैल को इस यात्रा में शामिल होने राहुल गांधी भी बिहार पहुंचे हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है कांग्रेस के तेवर कुछ अलग नजर आने लगे हैं। पार्टी अपनी जमीन बिहार में तलाशने में जुट गई है। इसके लिए लगता है पार्टी ने इस बार कन्हैया कुमार को बिहार में 'खेवनहार' बनाया है। इससे पहले पार्टी ने उनपर दिल्ली चुनाव में भी भरोसा जताया था, मगर निराशा हाथ लगी थी। अब उन्हें बिहार भेजा है। हालांकि वो बिहार में वामदल के साथ अपनी किस्मत पहले आजमा चुके हैं। मगर इस बार 'हाथ' के साथ लेकर लौटे हैं तो राहुल गांधी उन्हें 'री-लांच' करने बेगूसराय पहुंच गए।
कन्हैया के साथ पदयात्रा में शामिल हुए राहुल
कन्हैया कुमार की अगुआई में बिहार के बेगूसराय में कांग्रेस की 'पलायन रोको, नौकरी दो' पदयात्रा चल रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को इस यात्रा में हिस्सा लेने बेगूसराय पहुंच गए हैं और पदयात्रा में शामिल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, राहुल इस यात्रा में कन्हैया के साथ करीब 2 किलोमीटर तक पैदल चलेंगे। इस दौरान राहुल यात्रा में शामिल लोगों से संवाद भी करेंगे। बाद कांग्रेस वो राजधानी पटना वापस लौट जाएंगे और कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भाग में लेंगे। इधर राहुल गांधी की बिहार यात्रा को लेकर JDU और BJP तंज कस रही है।
राहुल गांधी बिहार को लेकर कन्फ्यूज हैं-JDU
राहुल गांधी के बिहार दौरे पर जेडीयू नेता राजीव रंजन ने कहा, कांग्रेस की प्रासंगिकता पूरे देश में कमजोर हुई है। बिहार में कांग्रेस पार्टी के अनेक नेता मानते हैं कि कन्हैया कुमार को ज्यादा तवज्जो दी जा रही है। राजद उन्हें घास डालने को तैयार नहीं है... राहुल गांधी क्या करना चाहते हैं किसी को समझ नहीं आ रहा। उन पर कोई स्पष्ट तौर पर दिशा निर्देश न देने का आरोप लगता रहा है, जिससे कांग्रेस की बिहार में दुर्दशा हुई है।
राहुल तेजस्वी के लिए समस्याएं खड़ी कर रहे हैं-नित्यानंद राय
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बिहार दौरे पर कहा, "राहुल गांधी बिहार आएं। वे जहां भी जाते हैं, सबसे पहले अपने गठबंधन और अपनी पार्टी के लिए समस्याएं खड़ी करते हैं। यहां वे तेजस्वी के लिए समस्याएं खड़ी करने आ रहे हैं। लालू जी की पार्टी जंगलराज स्थापित करने वाली पार्टी है। बिहार की जनता ने भ्रष्ट लोगों को नकार दिया है। वे विकास चाहते हैं।
क्या कन्हैया पार करेंगे कांग्रेस की नया?
बिहार चुनाव के नजदीक आते ही कांग्रेस की सक्रियता अब महागठबंधन में RJD से आगे दिखने लगी है। इसकी झलक पखवाड़े भर के अंतराल में दो बार बिहार आने से दिख भी रही है। राहुल बिहार में दलित राजनीति को धार देने में जुटे हैं। दूसरी ओर कन्हैया कुमार पर पार्टी जिस तरह भरोसा जता रही है लगता है बिहार विधानसभा चुनाव की कमान इनके हाथ में रहने वाली है। अब देखना होगा कि इस बार कन्हैया कुमार पार्टी के भरोसे पर कितना खरा उतरते हैं।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 7 April 2025 at 12:21 IST