लव मैरिज के बाद दहेज हत्या का एक और मामला… 9 महीने पहले घरवालों का विरोध कर की थी शादी; बुलेट नहीं मिलने पर 20 वर्षीय युवती को दिया जहर
Bihar News: बिहार के वैशाली जिले से दहेज उत्पीड़न और हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मायके वालों का दावा है कि बुलेट बाइक की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जहर दिया गया है।
Bihar Dowry Murder: बिहार के वैशाली जिले से दहेज उत्पीड़न और हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ससुराल वालों पर आरोप है कि दहेज में बुलेट बाइक नहीं मिलने पर विवाहिता की बेरहमी से पिटाई के बाद जहर खिलाकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। लेकिन, घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं।
9 महीने पहले की थी लव मैरिज
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 20 वर्षीय अमृता कुमारी के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है, विवाहिता ने करीब 9 महीने पहले बलिगांव थाना क्षेत्र के भुसाही गांव निवासी मनीष कुमार से प्रेम विवाह किया था। हालांकि शुरुआत में परिवार इस शादी के खिलाफ था, लेकिन बाद में दोनों परिवारों की सहमति से शादी हुई थी।
मृतका के परिजनों (मायके) का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल वाले दहेज में बुलेट बाइक की मांग करने लगे थे। इसके बाद मांग पूरी नहीं होने पर अमृता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतका की बहन बिंदु कुमारी ने आरोप लगाया कि अमृता के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी और उसे मायके वालों से बात नहीं करने दिया जाता था। यहां तक कि मोबाइल से परिवार के नंबर तक ब्लॉक कर दिए गए थे और घटना से पहले मारपीट की सूचना भी मिली थी। परिजनों ने दावा है किया है कि बुधवार रात अमृता की बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में उसे जहर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद बिहार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
वहीं बलिगांव थाना पुलिस के अनुसार, ससुराल पक्ष के सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। साथ ही घटना के बाद मृतका की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके अलावा परिजनों की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के परिवार का कहना है कि दहेज प्रताड़ना और मारपीट को लेकर पहले महिला थाना में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 21 May 2026 at 23:05 IST