अपडेटेड 4 February 2024 at 22:28 IST

बिहार में NDA सरकार का फ्लोर टेस्ट, फिर अपने विधायकों को क्यों छुपा रही कांग्रेस? BJP ने भी ली चुटकी

Bihar News: खरीद-फरोख्त के डर के बीच बिहार के 16 कांग्रेस विधायक हैदराबाद पहुंचे हैं।

Follow :  
×

Share


बिहार के 16 कांग्रेस विधायक हैदराबाद पहुंचे | Image: ANI

Bihar News: बिहार में पिछले हफ्ते सत्ता गंवाने वाले महागठबंधन के दूसरे सबसे बड़े घटक दल कांग्रेस के तीन विधायकों को छोड़कर सभी विधायक NDA द्वारा खरीद-फरोख्त किए जाने की आशंका के बीच रविवार को हैदराबाद पहुंच गए।

बीजेपी नेता अजय आलोक ने चुटकी लेते हुए कहा कि पूरी कांग्रेस डरी हुई है। खलबली मची हुई है। कभी झारखंड से हैदराबाद और कभी बिहार से हैदराबाद। आश्चर्य है। बहुमत साबित करना है NDA को और भाग रहे है विपक्षी।

BJP नेता ने कहा- ‘भाग विपक्षी भाग, भाग राहुल भाग। भागमभाग की स्थिति बनी हुई है। इससे क्या होगा। अगर कांग्रेस के विधायकों ने मन मना लिया है कांग्रेस छोड़ने को तो आप क्या कर लेंगे। भगाइए। चलने दीजिए खेल।’

राज्य विधानसभा में कांग्रेस के 19 विधायक

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के बिहार प्रभारी मोहन प्रकाश से संपर्क किया गया तो उन्होंने न तो इसकी पुष्टि की और न ही इससे इनकार किया। हालांकि, उन्होंने कहा, ''अफवाहें फैलाई जा रही हैं कि कांग्रेस विधायक टूट जाएंगे, जबकि सच्चाई यह है कि जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक पार्टी के राजग में जाने के बाद मतदाताओं के गुस्से के कारण दबाव में हैं।'' प्रकाश ने कहा, “उन्हें (जदयू को) अपने विधायकों को एकजुट रखने की चिंता करनी चाहिए।”

कांग्रेस की बिहार इकाई के नेताओं ने दिल्ली में एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। खरगे ने राज्य की स्थिति का जायजा लिया, जहां जद(यू) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पाला बदलने से महागठबंधन और राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ को झटका लगा है।

राज्य विधानसभा में कांग्रेस के 19 विधायक हैं, जिनमें से 16 खरगे के साथ बैठक में शामिल हुए थे। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और विधान परिषद सदस्य प्रेम चंद्र मिश्रा व मदन मोहन झा भी शामिल हुए थे।

बिहार में पार्टी के एक पदाधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने का अनुरोध करते हुए कहा, “जो लोग दिल्ली नहीं आए, उनमें अररिया के विधायक आबिद-उर- रहमान भी शामिल हैं। लेकिन, यह सर्वविदित है कि वह अपनी बेटी की देखभाल में व्यस्त हैं, जो पिछले कुछ समय से काफी अस्वस्थ है।'' हालांकि, बैठक में अनुपस्थित रहने वालों में मनिहारी के विधायक मनोहर प्रसाद सिंह भी शामिल हैं, जिनके "सोमवार तक हैदराबाद पहुंचने की उम्मीद है।”

हमें संख्याबल बढ़ाने की आवश्यकता नहीं: BJP

भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कहा, "हमें 12 फरवरी को होने वाले विश्वास मत में सरकार बरकरार रखने के लिए अपना संख्याबल बढ़ाने की आवश्यकता नहीं है। लेकिन, अगर कांग्रेस के कुछ विधायक पाला बदलते हैं, तो इससे निश्चित रूप से पूरे विपक्षी खेमे का मनोबल गिरेगा, जिसका फायदा लोकसभा चुनाव में राजग को मिलेगा।

वहीं, विधायकों के तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचने के बाद प्रदेश कांग्रेस के सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वे मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को बधाई देने आए हैं। रेड्डी ने दिसंबर 2023 में हुए तेलंगाना विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद मुख्यमंत्री का पदभार संभाला है। सूत्रों ने बताया कि विधायकों के 11 फरवरी तक हैदराबाद में रहने की संभावना है।

(इनपुटः PTI)

ये भी पढ़ेंः स्वामी प्रसाद मौर्य ने फिर कर दी 'शर्मनाक हरकत'! भगवान राम की ताकत को लेकर दे दिया विवादित बयान

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 4 February 2024 at 22:28 IST