श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस में बड़ा अपडेट, गुरुदासपुर से गिरफ्तार दो आरोपी 10 दिसंबर तक भेजे गए जेल

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। 3 नवंबर को 50 जीबी रेलवे ट्रैक पर हुए स्लीपर ब्लास्ट के दोनों मुख्य आरोपियों, महकदीप और देवेंद्र को अनूपगढ़ न्यायालय में पेश किया गया। रामसिंहपुर थाना प्रभारी रामप्रताप वर्मा ने कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उन्हें 10 दिसंबर तक जेल भेज दिया है।

 
Follow :
श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस में बड़ा अपडेट, गुरुदासपुर से गिरफ्तार दो आरोपी 10 दिसंबर तक भेजे गए जेल | Image: X

श्रीगंगानगर के बहुचर्चित रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पुलिस और जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। अनूपगढ़ न्यायालय ने इस सनसनीखेज मामले के दोनों मुख्य आरोपियों, महकदीप और देवेंद्र को 10 दिसंबर तक न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेजने के आदेश दिए हैं। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद रामसिंहपुर थाना प्रभारी रामप्रताप वर्मा ने दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया।

कड़ी सुरक्षा के बीच हुई कोर्ट में पेशी

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पेशी के दौरान अनूपगढ़ न्यायालय परिसर में भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया था। ज्ञात हो कि यह पूरा मामला बीती 3 नवंबर को 50 जीबी रेलवे ट्रैक पर हुए स्लीपर ब्लास्ट की घटना से जुड़ा है। धमाके के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर थीं और त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 नवंबर को दोनों मुख्य आरोपियों को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार किया गया था।

पाकिस्तानी हैंडलरों से जुड़े मिले साजिश के तार

पुलिस की गहन पूछताछ और जांच के दौरान इस साजिश को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों के तार सीमा पार पाकिस्तान में बैठे 'शाह' और अन्य हैंडलरों से जुड़े हुए थे। इन्हीं हैंडलरों के इशारे पर रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की बड़ी साजिश रची गई थी।

दो और जिंदा बम बरामद, टला बड़ा हादसा

आरोपियों से मिली जानकारी और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने रामसिंहपुर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया, जहां से दो और जिंदा बम बरामद किए गए। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते (BDS) को मौके पर बुलाया गया, जिसने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों बमों को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया। रेलवे ट्रैक पर धमाके की इस बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश होने के बाद अब दोनों मुख्य आरोपी 10 दिसंबर तक सलाखों के पीछे रहेंगे, जबकि जांच एजेंसियां इस नेटवर्क के अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं।

ये भी पढ़ें - 'राज्यसभा में PDA फॉर्मूला की जगह धन्नासेठ को प्राथमिकता, सपा का 'जन-मन मेनिफेस्टो' हवाहवाई है...', समाजवादी पार्टी पर फूटा मायावती का गुस्सा

 

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 27 November 2026 at 16:19 IST