'राज्यसभा में PDA फॉर्मूला की जगह धन्नासेठ को प्राथमिकता, सपा का 'जन-मन मेनिफेस्टो' हवाहवाई है...', समाजवादी पार्टी पर फूटा मायावती का गुस्सा
समाजवादी पार्टी द्वारा यूपी विधानसभा चुनाव 2027 घोषणपत्र जारी किए जाने के बाद बहुजन समाज पार्टी ने तीखा हमला किया है। बीएसपी प्रमुख मायावती ने सपा के घोषणपत्र को गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के बजाय अमीर और प्रभावशाली लोगों का पक्ष लेने वाला बताया है।
- भारत
- 4 min read

बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार (27 नवंबर) को समाजवादी पार्टी (SP) के 'जन-मन का घोषणापत्र' की जमकर आलोचना की है। उन्होंने इसे खोखला बताते हुए आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का मूल स्वभाव ही ऐसा है कि वह गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के बजाय अमीर और प्रभावशाली लोगों का पक्ष लेती है।
बीएसपी प्रमुख ने सोशल मीडिया एक्स पर सपा पर तीखा हमला करते हुए समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र को "अमीरों का घोषणापत्र" करार दिया और कहा कि इसमें किए गए वादों का कोई आधार नहीं है। समाजवादी पार्टी के 'PDA' (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का यह घोषणापत्र भी, पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों का प्रतिनिधित्व करने के उनके दावों की तरह ही खोखला है।
खाली बर्तन सबसे ज्यादा शोर मचाता है-मायावती
मायावती ने सपा के घोषणापत्र पर तीखा प्रहार करते हुए कहा "उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी द्वारा कल जारी किया गया 'संकल्प पत्र' घोषणापत्र, जिसे 'जन-मन का घोषणापत्र' कहा गया है, उनके तथाकथित 'PDA' (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) की तरह ही पूरी तरह खोखला और आधारहीन है। यह उस कहावत को बिल्कुल सटीक साबित करता है कि 'खाली बर्तन सबसे ज्यादा शोर मचाता है'।"
सपा का घोषणापत्र 'अमीरों का घोषणापत्र'
उन्होंने आगे कहा "इस पार्टी का स्वभाव जग जाहिर तौर पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों आदि के वास्तविक हित, कल्याण, उनका मान-सम्मान व सुरक्षा आदि के विरुद्ध अधिकतर संकीर्ण व जातिवादी तथा धन्नासेठ-समर्थक भी रहा है, जिसका एक ताजा उदाहरण यूपी से राज्यसभा हेतु हाल ही में हुए द्विवार्षिक चुनाव में पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता देना है। ऐसी नीतियों एवं कार्यकलापों से प्रदेश की अपार गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन व पलायन आदि की गंभीर समस्या क्या कभी दूर हो पायेगी। कभी नहीं।"
Advertisement
इन बातों से यह भी साबित है कि इनका ’जन-मन घोषणापत्र’ वास्तव में ’धन-मन वादी’ अधिक है तथा समाज के अच्छे लोगों के बजाय ऐसे ही धनी एवं बाहुबलियों आदि को चुनाव मैदान में भी उतारेगी जो देश, समाज व जनहित की चिन्ता कम व अपने खुद के लाभ व स्वार्थ में ही लगातार डूबे रहते हैं।
समाजवादी पार्टी के रिकॉर्ड पर अनेकों दाग
मायावती ने आगे आरोप लगाते हुए कहा "इसके अलावा, जनता समाजवादी पार्टी के रिकॉर्ड पर लगे दागों को कैसे भूल सकती है, खासकर SCs, STs और OBCs को लेकर उसका आरक्षण विरोधी रवैया और उत्तर प्रदेश को जाति-आधारित दुश्मनी और सांप्रदायिक दंगों से ग्रस्त राज्य बनाने में उसकी भूमिका, साथ ही जनता के हित और भलाई से जुड़े ज़रूरी मुद्दों को सुलझाने में उसकी नाकामी?"
Advertisement
जनता को सावधान रहना चाहिए
मायावती ने सपा के वादों और घोषणाओं को 'चुनावी धोखा और चालबाजी' बताते हुए जनता से पार्टी के दावों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा, “संक्षेप में, SP की बयानबाजी, वादे, दावे और घोषणाएं चुनावी धोखा और चालबाजी के अलावा कुछ नहीं हैं। जनता को सावधान रहना चाहिए।"