दिवाली-छठ पर रेलवे की बड़ी सौगात...हजरत निजामुद्दीन, बनारस और मुंबई रूट पर चलेंगी 162 स्पेशल ट्रेनें; जानें रूट और समय
मध्य रेलवे ने दिवाली और छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए 162 नई विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही इस त्योहारी सीजन के लिए घोषित कुल स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़कर 580 हो गई है। इन ट्रेनों का रूट, समय और बुकिंग विवरण रेलवे की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आइए रूट और टाइम के बारे में जानते हैं।
- भारत
- 3 min read
दिवाली और छठ पूजा भारत के सबसे बड़े त्यौहारों में से एक हैं। इस अवसर पर देश के अलग-अलग कोनों से, विशेषकर मुंबई जैसे बड़े शहरों से, लाखों लोग अपने घर लौटते हैं। इस वजह से उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिम बंगाल जाने वाली नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट देखने को मिलती है। यात्रियों की इसी समस्या को दूर करने और उनकी राह आसान बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने इस त्योहारी सीजन में विशेष कदम उठाया है।
त्योहारी भीड़ को देखते हुए रेलवे का बड़ा फैसला
त्योहारों के दौरान यात्रियों को कन्फर्म सीट दिलाने और स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मध्य रेलवे ने 162 अतिरिक्त फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। रेलवे इससे पहले भी चरणबद्ध तरीके से स्पेशल ट्रेनों का ऐलान कर चुका है। इस नए ऐलान के बाद अब मध्य रेलवे द्वारा संचालित कुल त्योहारी स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़कर 580 हो गई है। रेलवे के इस फैसले से परदेसियों को घर जाने के लिए आसानी से कन्फर्म सीट मिल सकेगी।
प्रमुख रूट्स और स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल जानें
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से चलने वाली ये स्पेशल ट्रेनें मुख्य रूप से यूपी, बिहार और दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए वरदान साबित होंगी।
- लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से दानापुर-यात्रियों की अत्यधिक संख्या को देखते हुए इस रूट पर सबसे ज्यादा 88 दैनिक स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाई जाएंगी। इनका संचालन 9 अक्टूबर से 22 नवंबर के बीच होगा।
- LTT से समस्तीपुर-इस रूट पर 12 एसी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। LTT से ये ट्रेनें 13 अक्टूबर से 17 नवंबर तक और समस्तीपुर से वापसी में 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक उपलब्ध रहेंगी।
- LTT से बनारस एवं संतरागाछी-LTT-संतरागाछी के बीच 6 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक 8 फेरे लगाए जाएंगे। वहीं, LTT-बनारस रूट पर 17 अक्टूबर से 29 नवंबर के बीच 14 स्पेशल फेरे संचालित होंगे।
- खड़की (पुणे) से हजरत निजामुद्दीन एवं सांगानेर-दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए खड़की से हजरत निजामुद्दीन के बीच 6 अक्टूबर से 20 नवंबर तक 28 एसी सुपरफास्ट सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। जयपुर जाने वालों के लिए खड़की से सांगानेर के बीच 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक 12 सेवाएं चलाई जाएंगी।
टिकट बुकिंग और आरक्षण प्रक्रिया जानें
इन स्पेशल ट्रेनों के लिए यात्री अपनी सुविधा अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं।
आरक्षित टिकट-आरक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्री रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटरों (PRS) या IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप से टिकट बुक करा सकते हैं।
अनारक्षित टिकट-सामान्य कोच में सफर करने वाले यात्री UTS काउंटर या अपने स्मार्टफोन में 'UTS App' का उपयोग करके अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
RailOne App-रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे आसान बुकिंग प्रक्रिया, ट्रेन रनिंग स्टेटस और अन्य सेवाओं के लिए 'RailOne App' का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 4 October 2026 at 20:05 IST