BREAKING: NEET पेपर लीक मामले में बड़ा एक्शन, पुणे से एक महिला को हिरासत में लिया, धनंजय लोखंडे के संपर्क में थी आरोपी
NEET पेपर लीक मामले में पुलिस का एक्शन जारी है। CBI ने पुणे से एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला धनंजय लोखंडे के संपर्क में थी।
NEET पेपर लीक मामले में पुलिस और CBI को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुणे से एक महिला को हिरासत में लिया है। महिला का नाम मनीषा वाघमारे बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, महिला धनंजय लोखंडे के संपर्क में थी। पुणे पुलिस और CBI ने संयुक्त कार्रवाई की है।
NEET पेपर लीक मामले की जांच की आंच अब पुणे तक पहुंच गई है। CBI और पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने एक सुयंक्त कार्रवाई में पुणे से एक महिला को हिरासत में लिया है। महिला को सुखसागर नगर इलाके से हिरासत में लिया गया।
NEET पेपर लीक मामले में पहली महिला की गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, हिरासत में ली गई महिला का नाम मनीषा वाघमारे है, जो पुणे में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। महिला का पति पेशे से डेंटिस्ट है। मनीषा इस घोटाले के मुख्य आरोपी धनंजय लोखंडे के संपर्क में थी।
धनंजय लोखंडे कौन हैं?
धनंजय लोखंडे का नाम तब सामने आया जब CBI ने नासिक से गिरफ्तार आरोपी डॉ. शुभम खैरनार से पूछताछ की। धनंजय लोखंडे खुद भी एक प्रैक्टिसिंग डॉक्टर हैं और अहिल्या नगर के राहुरी के रहने वाले हैं। उन्होंने मंगलोर से अपनी मेडिकल BAMS की डिग्री पूरी की और पिछले 4 से 5 सालों से पुणे के वाघोली इलाके में रह रहे थे।
मेडिकल प्रैक्टिस के साथ-साथ, धनंजय लोखंडे मेडिकल एडमिशन के लिए कंसल्टेंसी सेवाएं भी देते थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शुभम खैरनार को NEET पेपर की PDF धनंजय लोखंडे से मिली थी। इस शुरुआती जानकारी के आधार पर, यह कहा जा रहा है कि धनंजय लोखंडे ही इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड हैं, लेकिन CBI की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
मनीषा कैसे धनंजय के संपर्क में आई
वहीं, ब्यूटी पार्लर की मालकिन मनीषा वाघमारे, धनंजय लोखंडे के संपर्क में तब आईं, जब वह ऐसे छात्रों की तलाश कर रही थीं जो पेपर खरीदने और उसके लिए पैसे देने को तैयार हों। फिलहाल, CBI ने मनीषा वाघमारे के पास से उनका मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिया है। CBI को इस मामले में एक बड़े रैकेट का शक है, क्योंकि ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस मामले में अभी और भी संदिग्धों का पता चलना बाकी है।
यह भी पढ़ें: CBSE 12वीं के रिजल्ट में लड़कियों ने फिर मारी बाजी
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 13 May 2026 at 15:20 IST