अपडेटेड 23 February 2026 at 21:48 IST
'भारत टैक्सी' के ड्राइवर अब 'सारथी' कहलाएंगे, अमित शाह ने क्यों किया ये ऐलान? पढ़िए इस पहल की इनसाइड स्टोरी
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा भारत टैक्सी सिर्फ एक टैक्सी योजना नहीं, चालक भाइयों-बहनों को सम्मान से 'सारथी' बनाने की पहल है। उन्होंने आगे कहा भारत टैक्सी सस्ते व सरल लोन की सुविधा उपलब्ध कराएगी और उनका बीमा भी सुनिश्चित करेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में ‘भारत टैक्सी’ के सारथियों यानी चालकों के साथ संवाद किया। संवाद के दौरान उन्होंने कहा भारत टैक्सी सिर्फ एक टैक्सी योजना नहीं, चालक भाइयों-बहनों को सम्मान से 'सारथी' बनाने की पहल है और इसका उद्देश्य 'सारथी' को कंपनी के मुनाफे का मालिक बनाना है।
गौरतलब है कि अमित शाह ने 5 फरवरी को दिल्ली में भारत का पहला कोऑपरेटिव-बेस्ड राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म ‘भारत टैक्सी’ लॉन्च किया था। यह देश की पहली सहकारी क्षेत्र की टैक्सी सर्विस है, जिसका उद्देश्य ड्राइवरों को सीधा फायदा पहुंचाना है। सोमवार के कार्यक्रम में शाह ने टैक्सी ड्राइवरों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका फायदा सीधे उन लोगों को लाभ पहुंचाना है जो दिन-रात सड़कों पर पसीना बहाते हैं।
श्रम करने वाले को ही मुनाफा मिलना चाहिए- अमित शाह
भारत टैक्सी के सारथियों के साथ संवाद के दौरान केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा श्रम करने वाले को ही मुनाफा मिलना चाहिए।' आगे उन्होंने कहा सारथी भारत टैक्सी के मालिक हैं और मुनाफे में भी उनका हिस्सा होगा। 'भारत टैक्सी' एक ऐसा सहकारी क्षेत्र का टैक्सी मॉडल है, जहाँ टैक्सी चालक, यानी ‘सारथी’, कंपनी के मुनाफे के मालिक भी होंगे। अगले 3 वर्षों में देश के हर शहर में होगी भारत टैक्सी।'
सस्ते व सरल लोन की सुविधा उपलब्ध
संवाद के दौरान केंद्रीय मंत्री शाह ने आगे कहा 'भारत टैक्सी', सारथियों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए, उन्हें सस्ते व सरल लोन की सुविधा उपलब्ध कराएगी और उनका बीमा भी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने आगे कहा 'भारत टैक्सी में 500 रुपये के शेयर लेने पर मालिकाना हक भी मिल जाएगा।'
लोगों को मजबूत करने का प्रयास
अमित शाह ने कहा , 'भारत टैक्सी का उद्देश्य किसी निजी कंपनी की तरह केवल लाभ कमाना नहीं है, बल्कि लोगों को मजबूत बनाना है। सभी खाते साफ और पारदर्शी रहेंगे। हर जानकारी समय पर दी जाएगी। भारत टैक्सी कभी भी आपका शोषण नहीं करेगी। 'भारत टैक्सी' में सारथियों की सभी चिंताओं का समाधान होगा और कंप्लेंट विंडो के माध्यम से उनकी शिकायतों का तुरंत निराकरण किया जाएगा।'
‘सारथी दीदी’ की व्यवस्था लागू होगी
अमित शाह ने संवाद के दौरान कहा 'महिला कैब चालकों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए भारत टैक्सी ‘सारथी दीदी’ की व्यवस्था लागू करेगी। इसमें महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।' आगे उन्होंने कहा 'भारत टैक्सी' में सारथियों की सभी चिंताओं का समाधान होगा और कंप्लेंट विंडो के माध्यम से उनकी शिकायतों का तुरंत निराकरण किया जाएगा।'
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 23 February 2026 at 21:48 IST