दुश्मनी में बदली दोस्ती, कत्ल और बदले की आग... बीच सड़क दौड़ा-दौड़ा कर हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया का मर्डर; खूंखार 7007 गैंग का कनेक्शन
जयपुर के करधनी थाना इलाके में हुए हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस की तफ्तीश में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह सनसनीखेज वारदात कोई अचानक हुआ हमला नहीं, बल्कि छह साल पुरानी खूनी रंजिश का नतीजा थी।
- भारत
- 4 min read
जयपुर के करधनी थाना इलाके में हुए हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस की तफ्तीश में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह सनसनीखेज वारदात कोई अचानक हुआ हमला नहीं, बल्कि छह साल पुरानी खूनी रंजिश का नतीजा थी। साल 2019 में अपने पिता कैलाश गोलिया की हत्या का बदला लेने के लिए बेटे हनीश गोलिया ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पूरी प्लानिंग के तहत इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
पुलिस जांच के अनुसार, वारदात 11 नवंबर 2026 (बुधवार) की शाम करीब 7:15 बजे करधनी क्षेत्र के जगदंबा नगर स्थित रावण गेट के पास हुई। तिबारिया निवासी हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया अपनी फॉर्च्यूनर कार से कालवाड़ स्थित घर लौट रहा था। मुख्य आरोपी हनीश गोलिया अपने साथियों युवराज चौधरी, दिनेश और कमलेश के साथ दोपहर करीब 3 बजे से ही बोलेरो कैंपर में सवार होकर विजय की रेकी और पीछा कर रहा था।
शाम को सही मौका मिलते ही हमलावरों ने अपनी कैंपर गाड़ी से विजय की फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय की गाड़ी बंद हो गई। जान बचाने के लिए विजय कार से निकलकर भागा, लेकिन हनीश और उसके साथी हाथों में तेजधार कुल्हाड़ियां लेकर उसके पीछे दौड़े और बीच सड़क पर घेरकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल विजय की मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी वारदात का खौफनाक मंजर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और राहगीरों के मोबाइल में कैद हो गया।
मंदिर में मत्था टेकने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी
हत्या के बाद पूरे जिले में नाकाबंदी करवाई गई। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि गुरुवार तड़के करीब 4 बजे नाकाबंदी के दौरान चारों आरोपियों को दबोच लिया गया। दिलचस्प बात यह रही कि फरारी के दौरान आरोपियों ने पहले एक मंदिर में जाकर मत्था टेका और भागते हुए अनजाने में पुलिस थाने की दिशा में ही आ गए, जहां पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चारों आरोपी जोबनेर इलाके के रहने वाले हैं। हनीश मुख्य साजिशकर्ता है, जबकि अन्य तीन युवकों का इससे पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
500 मीटर दूरी पर था एक दूसरे का घर, दोस्ती दुश्मनी में बदली तो शुरू हुआ खूनी खेल
डीसीपी प्रशांत किरण के मुताबिक, मृतक विजय बाजिया और हनीश के पिता कैलाश गोलिया के घर महज 500 मीटर की दूरी पर थे और दोनों पहले साथ ही रहते थे। किसी विवाद के चलते दोनों में ऐसी दुश्मनी पनपी कि वे एक-दूसरे की जान के प्यासे बन गए। पहले कैलाश ने विजय को मारने की कोशिश की, लेकिन साल 2019 में विजय ने एक शराब के ठेके पर कैलाश की हत्या कर दी।
पिता की मौत के बाद से ही हनीश बदले की आग में जल रहा था। जेल से छूटने के बाद विजय पर जोबनेर इलाके में 4 से 5 बार जानलेवा हमले भी हुए थे, जिनमें से कुछ मामले पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हैं। आखिरकार, 6 साल के इंतजार के बाद हनीश ने अपने पिता की मौत का बदला ले लिया।
हाथों पर एक जैसे टैटू और '7007 गैंग' का कनेक्शन
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के तार कुख्यात '7007 गैंग' से जुड़े होने के सबूत मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से तीन के दाहिने हाथ पर एक जैसे खास टैटू बने हुए हैं। पुलिस के अनुसार, हनीश और उसके साथी जयपुर में '7007' के नाम से गैंग संचालित करते हैं और इलाके में दबदबा कायम करने के लिए गैंग के सदस्य पहचान के तौर पर ये टैटू बनवाते हैं। पुलिस इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश के साथ-साथ गैंगवार और वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर भी देख रही है।
रिश्तेदारों के ठिकानों पर दबिश, वाहन जब्त
इस पूरे मामले में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश और जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश के सुपरविजन में जयपुर ग्रामीण एसपी नीरज पाठक के नेतृत्व में विशेष टीमों ने कार्रवाई की। गुरुवार रात को पुलिस ने आरोपियों और उनके रिश्तेदारों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी, जहां से तीन संदिग्ध ट्रैक्टर, एक जीप और एक कार जब्त की गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर मामले की अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 13 November 2026 at 16:40 IST