बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री का भाई शालिग्राम गर्ग गिरफ्तार, जमीन से जुड़े विवाद में फायरिंग करने का है आरोप

राजनगर थाना क्षेत्र में गौशाला के पीछे स्थित जमीन को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है।

 
Follow :
Bageshwar baba | Image: X/@bageshwardham

राजनगर थाना क्षेत्र में गौशाला के पीछे स्थित जमीन को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। 

गिरफ्तार आरोपियों में एक और आरोपी अंकित मिश्रा शामिल है, जबकि दो फरार हैं।

पूरा मामला क्या है?

छतरपुर जिले के राजनगर थाना अंतर्गत आने वाले गांव कोड़ा में मंगलवार को गोली चलने की घटना सामने आई। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा का कहना है कि बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग ने उन पर फायरिंग की। कुशवाहा के मुताबिक, इलाके के किसानों पर अपनी जमीनें बेचने के लिए दबाव डाला जा रहा है, और जो किसान इससे मना करते हैं, उन्हें डराया-धमकाया जाता है, यहां तक कि उनके साथ मारपीट भी की जाती है। उनका दावा है कि इसी जमीन विवाद के चलते उन पर गोली चलाई गई, जिसमें वे जख्मी हो गए।

बाबा बागेश्वर की प्रतिक्रिया

इस घटना पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा कि शालिग्राम से उनका कोई संबंध नहीं है, और इस बात को वे तीन साल पहले भी साफ कर चुके हैं। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि हर वारदात में उनका नाम घसीटना बंद किया जाए। उन्होंने आगे कहा कि उनका परिवार सिर्फ खून के रिश्तों तक सीमित नहीं है। पूरा समाज, पूरा राष्ट्र और सारा विश्व ही उनका परिवार है, और वे धर्म, समाज और राष्ट्र की सेवा में जुटे रहते हैं।

उनका तर्क था कि छतरपुर जिला बड़ा है और उनका जुड़ाव भी व्यापक है, इसलिए यहां-वहां घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन हर घटना को उनसे निजी तौर पर जोड़ देना ठीक नहीं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, कानून के मुताबिक उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि उन्हें अभी घटना की पूरी और सटीक जानकारी नहीं है, इसलिए वे इस पर कोई टिप्पणी करना उचित नहीं समझते।

ये भी पढ़ेंः World Cup 2027 से पहले बड़ा बदलाव, ICC ने किया नए फॉर्मेट का ऐलान

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 15 July 2026 at 18:49 IST