Ram Mandir: चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय से फिर हुई पूछताछ, अनिल मिश्रा-गोपाल राव का भी SIT के सवालों से सामना; ऑडिट दस्तावेज जब्त

Ayodhya: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT की जांच जारी है। एसआईटी अयोध्या दोबारा अयोध्या पहुंची, जहां उसने चंपत राय से पूछताछ की। साथ ही अनिल मिश्रा और गोपाल राव का भी तीखे सवालों से सामना हुआ।

 
Follow :
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला | Image: Republic

Ram Mandir Donation Row: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए गुरुवार (2 जुलाई) को SIT फिर अयोध्या पहुंची। इस दौरान ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से कई घंटों तक पूछताछ की गई। टीम ने चढ़ावे के ऑडिट से जुड़े दस्तावेज कब्जे में लिए और पदाधिकारियों से इससे जुड़े सवाल पूछे।

सूत्रों के अनुसार पूछताछ में कई सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिले जिससे आने वाले दिनों में पूछताछ का दायरा और बढ़ेगा। वहीं, पुलिस की आपराधिक जांच भी जारी है। इससे इन सभी पर अब पुलिस और एसआईटी का दोहरा शिकंजा कसेगा।

ऑडिट का पूरा लेखा-जोखा मांगा

6 जून को चढ़ावा चोरी का मामला उजागर होने के बाद 13 जून को गठित एसआईटी ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट गृह विभाग को सौंप दी है। अब दूसरे चरण में SIT वित्तीय गड़बड़ियों का पूरा खेल उजागर करने के लिए ट्रस्ट के पांच साल के ऑडिट का ऑडिट कर रही है। SIT ने ट्रस्ट से अब तक हुए ऑडिट का पूरा लेखा-जोखा मांगा है, लेकिन कुछ ब्योरा अब भी नहीं मिला है। पूरा ब्योरा मिलने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कहां कितनी और कैसी गड़बड़ी की गई।

सूत्रों के मुताबिक, चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव मामले में अपनी भूमिका होने से स्पष्ट इनकार कर रहे हैं। पूछताछ में तीनों ने सीधे तौर पर टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव पर आरोप लगाए हैं।

दूसरी ओर, गुरुवार शाम पुलिस की एक टीम आरोपी अविनाश शुक्ला के प्रतापगढ़ स्थित गांव पहुंची और उसके परिजनों से करीब आधे घंटे तक पूछताछ की। कुछ दस्तावेज कब्जे में लिए।

एकांतवास में चंपत राय

बता दें कि चंदा चोरी का मामला उजागर होने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने पिछले हफ्ते अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल वह एकांतवास में हैं। उन्होंने हाल ही में अपने करीबियों से कहा था कि अयोध्या में उनकी सेवा अब पूरी हो चुकी है। वे अपने साथ इस कलंक को लेकर नहीं जीना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके आसपास के लोगों ने ही उन्हें धोखा दिया है।

चढ़ावा चोरी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को अयोध्या बार एसोसिएशन ने इसको लेकर थाने में एक शिकायत भी दर्ज कराई, जिसमें चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपाल राव समेत 4 आरोपियों पर FIR दर्ज करने की मांग की गई। पुलिस ने थाने की मुहर लगाकर तहरीर जीडी में दर्ज कर ली है, लेकिन अभी मुकदमा नहीं लिखा है।

यह भी पढ़ें: Ram Mandir: चढ़ावा चोरी मामले में आरोपियों पर लग सकता है गैंगस्टर एक्ट, राम मंदिर में नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने का भी आरोप

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 3 July 2026 at 09:15 IST