अपडेटेड 28 March 2025 at 22:48 IST
असम और मेघालय सीमा विवाद सुलझाने के लिए हैं इच्छुक : हिमंत विश्व शर्मा
असम और मेघालय के बीच 884.9 किलोमीटर लंबी अंतरराज्यीय सीमा पर 12 क्षेत्रों में लंबे समय से विवाद है। CM हिमंता ने कहा कि इसका समाधान जल्द होने की उम्मीद है।
गुवाहाटी, 28 मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि असम और मेघालय काफी समय से लंबित सीमा विवादों को सुलझाने के इच्छुक हैं तथा जल्द ही इसका समाधान हो जाने की उम्मीद है।
मेघालय के उमियाम में उत्तर पूर्व पुलिस अकादमी (नेपा) में 70 पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) परिवीक्षार्थियों के दीक्षांत समारोह के अवसर पर शर्मा ने कहा कि छह मुद्दे अब भी अनसुलझे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इनमें से तीन का समाधान किसी भी समय किया जा सकता है, लेकिन मेघालय चाहता है कि सभी छह का समाधान एक साथ किया जाए।’’
शर्मा ने कहा,‘‘हम इन मुद्दों पर काम कर रहे हैं और सभी छह विवादों के सुलझ जाने की उम्मीद कर रहे हैं। चूंकि इसमें असम और मेघालय दोनों के लोगों की भावनाएं शामिल हैं, इसलिए निश्चित समय-सीमा तय करना उचित नहीं होगा। हालांकि, हमें जल्द समाधान की उम्मीद और प्रार्थना करनी चाहिए।’’
असम और मेघालय के बीच 884.9 किलोमीटर लंबी अंतरराज्यीय सीमा पर 12 क्षेत्रों में लंबे समय से विवाद है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 28 March 2025 at 22:48 IST