'जनता तोड़ेगी BJP का घमंड', गुजरात AAP चीफ की गिरफ्तारी पर भड़के अरविंद केजरीवाल, कहा- एक-एक शख्स लेगा बदला...

AAP Gujarat: गुजरात में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश अध्यक्ष इशुदान गढ़वी की गिरफ्तारी पर केजरीवाल भड़क गए हैं। केजरीवाल समेत तमाम नेताओं ने BJP पर करारा हमला बोला है।

Follow :  
×

Share


गुजरात AAP चीफ की गिरफ्तारी पर केजरीवाल | Image: ANI

Gujarat news: गुजरात में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इशुदान गढ़वी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर सियासत गरमाने लगी है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल बीजेपी पर बरस गए हैं। उन्होंने गुजरात में आप के 160 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने का दावा किया और कहा कि बीजेपी हार के डर से बौखला गई है।

तानाशाही पर उतरी BJP- केजरीवाल

गुजरात AAP चीफ इशुदान गढ़वी की गिरफ्तारी पर केजरीवाल ने X पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, "पिछले तीन महीनों में गुजरात में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ 145 FIR हो चुकी हैं। 160 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को बीजेपी सरकार गिरफ्तार कर चुकी है। बीजेपी गुजरात में हार के डर से आम आदमी पार्टी से बुरी तरह से बौखलाई हुई है और अब तानाशाही पर उतर आई है। आज हमारे राज्य अध्यक्ष इसुदान गढ़वी को गिरफ्तार कर लिया।"

केजरीवाल ने कहा कि अब गुजरात का एक-एक शख्स इनसे बदला लेगा। भाजपा का यह घमंड और अत्याचार गुजरात की जनता ही तोड़ेगी।

आम आदमी पार्टी के मुताबिक मंगलवार (31 मार्च) को खंभालिया में आम आदमी पार्टी के एक कार्यकर्ता पर झूठा आरोप लगाकर उसे जेल भेजा गया था। आज, जब AAP गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष इशुदान गढ़वी उस कार्यकर्ता से मिलने पुलिस थाने गए, तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

हम जेल जाने के बाद भी लड़ेंगे- संजय सिंह

AAP नेता संजय सिंह ने भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इशुदान गढ़वी की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि इशुदान गुजरात की आवाज हैं। बीजेपी सरकार उन्हें पकड़ कर उनकी आवाज दबा नहीं सकती। इन्होंने आदिवासी समाज के नेता चैतर वसावा जी को भी परिवार समेत गिरफ्तार किया था, किसान नेता प्रवीण राम जी को भी जेल भेजा है। हम जेल जाने के बाद भी लड़ेंगे और ये हमें झुका नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि गुजरात में भाजपा का पतन आम आदमी पार्टी ही करेगी।

कौन हैं इशुदान गढ़वी?

इशुदान गढ़वी का जन्म 10 जनवरी 1982 को गुजरात के द्वारका जिले के पिपलिया गांव में हुआ है। वे एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उन्होंने पत्रकारिता से अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने 14 जून 2021 को औपचारिक रूप से आम आदमी पार्टी ज्वॉइन की थी।  आज गढ़वी गुजरात में आप के सबसे बड़े नेता में से एक माने जाते हैं।

2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें सीएम पद का उम्मीदवार भी घोषित किया था। उन्होंने देवभूमि द्वारका की खंभालिया सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि इसमें उन्हें BJP प्रत्याशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। जनवरी 2023 में आम आदमी पार्टी ने उन्हें गुजरात प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया था।

यह भी पढ़ें: कब होगा बिहार के नए CM का ऐलान? मनोज तिवारी ने बता दी तारीख, पावर स्टार पवन सिंह को लेकर भी दिया बड़ा बयान

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 1 April 2026 at 19:55 IST