अपडेटेड 23 March 2025 at 20:16 IST

Arunachal Pradesh: पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद मादक पदार्थ तस्कर अरेस्ट

अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में अपराधी और पुलिसकर्मियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद कई मामलों में वांछित एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

Follow :  
×

Share


Arunachal Pradesh: पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद मादक पदार्थ तस्कर अरेस्ट | Image: Representative image

अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में अपराधी और पुलिसकर्मियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद कई मामलों में वांछित एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। राजधानी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहित राजबीर सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि एक खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक टीम ने शनिवार शाम को मादक पदार्थ तस्कर को होलोंगी के पास से गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 12 ग्राम मादक पदार्थ और अमेरिका निर्मित एक अत्याधुनिक बंदूक जब्त की।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि..

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने एक वाहन को रुकने के लिए इशारा किया लेकिन जब संदिग्ध ने वाहन को नहीं रोका और मौके से भागने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों ने चार पहिया वाहन का पीछा किया। सिंह ने बताया कि आरोपी मादक पदार्थ तस्कर रोहित बसुमतारी (उर्फ रुहित) ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) केंगो दिर्ची के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने जवाबी गोलीबारी की।

एसपी ने बताया कि आरोपी को इलाज के लिए आर के मिशन अस्पताल ले जाया गया। इस मुठभेड़ में दो अधिकारी भी घायल हो गए। सिंह ने बताया कि संदिग्ध के वाहन की तलाशी ली गई। स्पेयर टायर के पास हरे रंग के साबुन के डिब्बे में छिपाकर रखी गई लगभग 12 ग्राम संदिग्ध हेरोइन और अमेरिका में बनी एक अत्याधुनिक बंदूक तथा छह कारतूस जब्त किये गये।

बसुमतारी का असम और अरुणाचल प्रदेश में डकैती, अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थों की तस्करी सहित गंभीर आपराधिक अपराधों का लंबा इतिहास रहा है। चिम्पू पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और इंस्पेक्टर रीना सोनम के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल को नियुक्त किया गया है।

ये भी पढ़ें - राणा सांगा पर सपा नेता रामजी लाल की विवादित टिप्पणी पर भड़के संगीत सोम

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Garima Garg

पब्लिश्ड 23 March 2025 at 20:16 IST