अंकिता भंडारी हत्याकांड से चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर गिरफ्तार, ब्लैकमेलिंग और रंगदारी के आरोप
Ankita Bhandari murder case: अंकिता भंडारी हत्याकांड से चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर को उत्तराखंड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने उनपर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
- भारत
- 3 min read
Ankita Bhandari murder case: अंकिता भंडारी हत्याकांड के सिलसिले में अदालत में पेश होने से पहले उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी और अभिनेत्री उर्मिला सनावर को उत्तराखंड पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। उत्तराखंड पुलिस के अनुसार, पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की लिखित शिकायत पर 24 अक्टूबर की रात हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली थाने में एक मामला दर्ज किया गया था, जिसके सिलसिले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया है।
ब्लैकमेलिंग और रंगदारी के आरोप
दीपिका राठौर द्वारा शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर उनके और उनके परिवार के खिलाफ अश्लील, आपत्तिजनक और मानहानि करने वाली टिप्पणियां की गईं, जिसका मकसद उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना था। उन्होंने शिकायत में ब्लैकमेलिंग और रंगदारी के भी आरोप लगाए हैं।
अंकिता भंडारी हत्याकांड से चर्चा में आई
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार उर्मिला सनावर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी एक कथित ऑडियो क्लिप और उसमें एक "VIP" के जिक्र को लेकर सनावर चर्चा में आ गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें नारको टेस्ट के लिए अपनी सहमति या असहमति दर्ज कराने के लिए CBI कोर्ट में पेश होना था। कोर्ट में पेश होने से ठीक एक दिन पहले उनकी गिरफ्तारी ने इस मामले में चल रही गतिविधियों के बीच सबका ध्यान खींचा है।
इस बीच, बुधवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सहारनपुर स्थित अभिनेत्री सनावर के आवास पर एक औपचारिक नोटिस भेजा। यह नोटिस अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी एक वायरल ऑडियो क्लिप की जांच के सिलसिले में उन्हें नारको-एनालिसिस टेस्ट के लिए बुलाने के लिए दिया गया है।
चार घंटे तक चली पूछताछ
सनावर के मुताबिक, 18 अक्टूबर को चार घंटे तक चली शुरुआती पूछताछ के बाद, बुधवार को CBI की एक टीम उनके घर पहुंची। सनावर ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "18 तारीख को CBI ने मुझसे पूछताछ की थी। आज मुझे एक CBI अधिकारी का फोन आया, जिसमें उन्होंने पूछा कि क्या मैं घर पर हूँ।
वे मेरे घर आए और मुझे नारको-एनालिसिस टेस्ट के लिए एक नोटिस दिया। उन्होंने मुझे परसों सुबह 10:30 बजे उनके सामने पेश होने के लिए कहा है। यह नोटिस अंकिता भंडारी हत्याकांड में वायरल हुई उस ऑडियो क्लिप से जुड़ा है।"
अंकिता भंडारी हत्याकांड कब हुआ था?
यह पूरा मामला सितंबर 2022 में हुई अंकिता भंडारी की हत्या से जुड़ा है, जो उत्तराखंड के ऋषिकेश के पास एक रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं। हत्याकांड के बाद घटना के बाद अंकिता भंडारी का शव 24 सितंबर 2022 को चिल्ला नहर (बैराज) से बरामद किया गया था, जिसके बाद राज्यभर में तनाव देखा गया था।
इस मामले में पुलकित आर्य (रिज़ॉर्ट मालिक) के अलावा, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। इस बीच अंकिता के माता-पिता का आरोप है कि हत्याकांड में एक "VIP" भी शामिल हैं। उनका आरोप है कि वो "VIP" उत्तराखंड BJP के पूर्व प्रभारी दुष्यंत गौतम है, जिन्हें हाल में ही सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 26 October 2026 at 09:06 IST