खड़गे के PM मोदी का 'बाप' वाले बयान पर शिवराज सिंह का कड़ा प्रहार, कहा- बार-बार हार की बौखलाहट में कांग्रेस...
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने वाले 'बाप' वाले बयान पर बीजेपी ने कड़ा पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि बार-बार हार से वे इतने घबरा गए हैं कि भूल गए हैं कि वे क्या कह रहे हैं।
- भारत
- 4 min read

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने वाली उनकी "बाप भी जाएगा" वाली विवादित टिप्पणी पर पलटवार किया और उनसे "अभद्र भाषा" का इस्तेमाल करने में संयम बरतने की अपील की करते हुए तीखा प्रहार किया। खड़गे के बयान पर पटलवार करते हुए चौहान ने कहा कि लगता है कि बार-बार चुनाव हारने से कांग्रेस नेता इस तरह की “अभद्र भाषा” का इस्तेमाल करने लगे हैं।
शिवराज सिंह चौहान के अलावा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी निशाना साधते हुए कहा "कांग्रेस की पॉलिटिक्स अब पब्लिक इंटरेस्ट के मुद्दों से भटककर पर्सनल बेइज्जती और मर्यादा तोड़ने तक सिमट गई है।"
दुश्मन के लिए भी ऐसी 'अभद्र भाषा' का इस्तेमाल नहीं करते-शिवराज सिंह चौहान
शिवराज सिंह चौहान ने खड़गे पर निशाना साधते हुए कहा, "प्रधानमंत्री के पिता के बारे में की गई बातों से मैं बहुत दुखी हूँ। खड़गे जी जैसे किसी व्यक्ति से ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने से बचने की उम्मीद की जाती है। भारत के मूल मूल्यों, परंपराओं, संस्कृति और लोकाचार ने हमेशा यह तय किया है कि हम उन लोगों के प्रति सम्मान दिखाएँ जो गुज़र गए हैं। इस देश में, हम किसी दुश्मन के जाने के बाद भी उसके प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं करते हैं।"
बार-बार हार की बौखलाहट में कांग्रेस...
आगे उन्होंने कहा “लेकिन कांग्रेस पार्टी को क्या हो गया है? वे प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिता के बारे में ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो भारतीय सभ्यता, संस्कृति, मूल्यों, परंपराओं, शिष्टाचार और शालीनता के बिल्कुल खिलाफ है। ऐसा लगता है कि बार-बार हार से वे इतने घबरा गए हैं कि भूल गए हैं कि वे क्या कह रहे हैं। ऐसा लगता है जैसे उन्होंने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है। पूरी कांग्रेस पार्टी को सोचना चाहिए कि क्या ऐसा व्यक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के लायक है। या तो उसे उसके पद से हटा दें, या पूरी कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।”
Advertisement
कांग्रेस की पॉलिटिक्स पर्सनल बेइज्जती और घटिया बातों पर निर्भर-CM धामी
वहीं, उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने भी PM मोदी के खिलाफ बार-बार की गई टिप्पणियों के लिए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया । उन्होंने कहा कि किसी के माता-पिता और परिवार को टारगेट करना कभी भी स्वीकार्य नहीं हो सकता।
पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में लिखा "कांग्रेस की पॉलिटिक्स कब तक पर्सनल बेइज्जती और घटिया बातों पर निर्भर रहेगी? बार-बार चुनावी हार के बावजूद, जनहित के मुद्दों पर सोचने के बजाय, कांग्रेस ने पर्सनल बातों को अपनी पॉलिटिक्स का आधार बना लिया है। डेमोक्रेसी में पॉलिटिकल विरोध की गुंजाइश है, लेकिन किसी के माता-पिता और परिवार को टारगेट करना किसी भी हालत में मंज़ूर नहीं हो सकता।"