आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने दिल्ली चुनाव में भाजपा की जीत पर बधाई दी
Pawan Kalyan: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन की शानदार जीत स्वागत योग्य है।
- भारत
- 2 min read
Pawan Kalyan: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने शनिवार को कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन की शानदार जीत स्वागत योग्य है और भाजपा द्वारा अपने घोषणापत्र में किए गए वादों को जनता का समर्थन मिला है।
जनसेना प्रमुख ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को विकसित देश बनाने के लिए ईमानदारी से शासन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘डबल इंजन सरकार के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी में जमीनी स्तर तक एकीकृत विकास और कल्याण पहुंचेगा। दिल्ली के विकास और नागरिकों के कल्याण के लिए भाजपा द्वारा ‘विकसित संकल्प पत्र’ में किए गए वादों को जनता का समर्थन मिला है।’’
कल्याण ने कहा कि दिल्ली में मिली शानदार जीत नरेन्द्र मोदी पर लोगों के भरोसे का सबूत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को भरोसा है कि पारदर्शी तरीके से सत्ता चलेगी और कल्याणकारी योजनाओं को वित्तीय अनियमितताओं के बिना लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की आकांक्षाओं को समझने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राजनीतिक अनुभव और रणनीतिक कौशल से सफल परिणाम मिले हैं।
कल्याण ने मोदी, शाह, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा, भाजपा नेताओं और घटक दलों के नेताओं समेत उन सभी को बधाई दी जो दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस जीत के प्रमुख सूत्रधार रहे।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 8 February 2025 at 22:03 IST