अपडेटेड 30 January 2025 at 22:20 IST
'इंडियन रेनेसां: द मोदी डिकेड' के विमोचन पर बोले अमित शाह, स्वर्णिम अक्षरों लिखा जाएगा पीएम मोदी के 10 साल का शासन
गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने दिल्ली में '𝐈𝐧𝐝𝐢𝐚𝐧 𝐑𝐞𝐧𝐚𝐢𝐬𝐬𝐚𝐧𝐜𝐞: 𝐓𝐡𝐞 𝐌𝐨𝐝𝐢 𝐃𝐞𝐜𝐚𝐝𝐞' नामक पुस्तक का विमोचन किया।
'𝐈𝐧𝐝𝐢𝐚𝐧 𝐑𝐞𝐧𝐚𝐢𝐬𝐬𝐚𝐧𝐜𝐞: 𝐓𝐡𝐞 𝐌𝐨𝐝𝐢 𝐃𝐞𝐜𝐚𝐝𝐞': गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने दिल्ली में 'इंडियन रेनेसां: द मोदी डिकेड' नामक पुस्तक का विमोचन किया। इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के 10 साल सच्चे अर्थ में एक युग के अंत करने वाले और एक नए युग की शुरुआत करने वाले हैं। जब भी भारत का इतिहास लिखा जाएगा तो पीएम मोदी के 10 साल के शासन को उनके कटु से कटु आलोचकों को भी स्वर्णिम अक्षरों से ही लिखना पड़ेगा, ऐसी मेरी दृढृ मान्यता है।
अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 10 साल में अनेक प्रकार के, अनेक सेक्टरों में सुधार भी हुए हैं और गति भी मिली है। हर सेक्टर का साइज और स्केल अनेक गुना बढ़ाने का काम मोदी जी ने किया है। कभी कोई विचार नहीं कर सकता था कि दुनिया की बड़ी महामारी कोरोना आए और दुनिया का सबसे अच्छा प्रबंधन भारत करे, ऐसा कोई सोच नहीं सकता था। हमने सबसे पहले वैक्सीन भी बनाई और दुनिया के 100 देशों में हमने वैक्सीन भी भेजी और 'वसुधैव कुटुम्बकम' को चरितार्थ करने का काम मोदी सरकार ने किया।
आजादी के गुमनाम नायकों को देश के इतिहास में स्थान मिलना चाहिए- अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी कर्मठता से, अपने विजन से, साफ हृदय से परिश्रम की पराकाष्ठा करके अपने देश का नेतृत्व करता है तो इतिहास इसको नजरअंदाज नहीं कर सकता है। इतिहास को उसको देखना ही पड़ता है। नरेंद्र मोदी ने हर पल इसकी चिंता करी कि हमारी युवा पीढ़ी को आजादी के आंदोलन का लंबा इतिहास, 90 साल का संघर्ष, नई पीढ़ी के ध्यान में आना चाहिए। आजादी के गुमनाम नायकों को देश के इतिहास में स्थान मिलना चाहिए।
2047 में भारत पूर्ण रूप से विकसित राष्ट्र बनेगा- अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि 75 साल में देश ने जो उपलब्धि प्राप्त की है उसको देश को गौरव के साथ याद करना चाहिए और पीएम मोदी ने देश की जनता के सामने रखा कि 2047 में भारत पूर्ण रूप से विकसित राष्ट्र बनेगा और आज देश 2047 की यात्रा की ओर चल पड़ा है।
उन्होंने कहा कि लेखक ने जो लिखा है- 'इंडियन रेनेसां: द मोदी डिकेड'... मैं इसे निश्चित रूप से मानता हूं कि पीएम मोदी के 10 साल आने वाले 25 साल की नींव है। हमारे अमृत काल की नींव है। मुझे भरोसा है कि अब भारत को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
आज देश का हर घर बिजली से युक्त हुआ- अमित शाह
उन्होंने कहा कि इस देश में 75 साल बाद भी 20 हजार गांव ऐसे थे, जहां बिजली का खंभा नहीं पहुंचा था। आज देश का हर घर बिजली से युक्त हुआ है। 10 साल के अंदर 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है।12 करोड़ से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं। 4 करोड़ से अधिक लोगों को अपना पक्का घर मिला। 15 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाने का काम किया गया।महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर देकर उनको धुएं से मुक्ति दिलाने का काम मोदी ने किया।
नरेंद्र मोदी ने 10 साल में Politics of Performance को स्थापित किया- अमित शाह
पीएम मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को 11वें नंबर से 5वें नंबर पर लाने का काम किया। आज लिखकर रख लीजिए, 2027 में भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। 10 साल पहले इस देश को policy paralysis के नाम से जाना जाता था, अब politics of performance के नाम से जाना जाता है। जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण ये तीन नासूर हमारे लोकतंत्र को समाप्त कर दिए थे, नरेंद्र मोदी ने 10 साल में politics of performance को स्थापित करने का काम किया।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 30 January 2025 at 22:20 IST