अंबाला में एक और 'प्रिंस', खेलते हुए बोरवेल में गिरा 4 साल का बच्चा, 220 फीट की गहराई पर अटका; NDRF कर रही रेस्क्‍यू ऑपरेशन

अंबाला से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है यहां एक 4 साल का मासूम खेलते हुए बोरवेल में गिर गया। फिलहाल रेस्क्यू टीमें उसे बचाने की कोशिश में लगी हुई है।

 
Follow :
4 year old child fell into a borewell | Image: x

Ambala Borewell Operation: हरियाणा के अंबाला जिले के धन्यौड़ा में मंगलवार सुबह एक गंभीर हादसा हो गया है। यहां 4 साल का एक मासूम बच्चा खेत के बोरवेल में गिर गया। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंची। फिलहाल रेस्क्यू टीमें उसे बचाने की कोशिश में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, 4 साल का बच्चा निर्भय सुबह अपने पिता, चाचा और चचेरे भाई के साथ खेत गया था। इस दौरान सभी अपने-अपने काम में व्यस्त थे। तभी बच्चा खेलते-खेलते अचानक खुले बोरवेल में जा गिरा। हादसे का पता चलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। 

220 फीट की गहराई पर फंसा बच्चा

मामले की गंभीरता और बोरवेल की भारी गहराई को देखते हुए डीसी मौके पर पहुंचे हैं। DC अजय सिंह तोमर ने बताया, 'यह घटना सुबह साढ़े 6 बजे की बताई जा रही है। बच्चा अपने पिता को खाना देने के लिए खेत में आया था। पिता थोड़ा इधर-उधर हुए, उसी समय बच्चा खेलते-खेलते बोरवेल में गिर गया। बच्चे का नाम निर्भय है, जिसकी उम्र साढ़े 3-4 साल है। वह 220 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है। NDRF अपनी टीम के साथ मौजूद है। बचाव कार्य जारी है। आर्मी की मशीनें भी आ रही हैं, बच्चे को निकालने की पूरी कोशिश की जा रही है।'

बोरवेल के मालिक पर होगी कार्रवाई

उन्होंने आगे कहा, 'यह बोरवेल जिसका है उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। 9 इंच का बोरवेल है जिसे सिल्ली, बोरा या किसी भी चीज से ढका जा सकता था। अगर ऐसा हुआ होता तो अभी बच्चा इसमें नहीं गिरता। मैं अपील करता हूं कि खेतों में जितने भी बोरवेल हैं उन्हें बंद करके रखें, क्योंकि जाहिर है कि वहां बच्चे भी आते हैं। खेलते-खेलते कब दुर्घटना हो जाती है, मालूम नहीं पड़ता।'

June 30, 2026

बोरवेल के अंदर भेजी जा रही ऑक्सीजन की सप्लाई 

बताया जा रहा है कि बोरवेल के अंदर बच्चे के लिए ऑक्सीजन की सप्लाई भेजी जा रही है। इसके अलावा बोरवेल में कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति और उसकी हरकतों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं मासूम के परिजन और स्थानीय लोग लगातार उसके सुरक्षित बाहर आने की दुआ कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: 'ट्रस्ट में मुसलमान होता तो अब तक एनकाउंटर हो चुका होता, घर पर बुलडोजर चलता...', राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर ओवैसी का तंज, बोले- चंपत मजे में है

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 30 June 2026 at 13:24 IST