अपडेटेड 12 June 2025 at 23:21 IST
Air India Plane Crash: विमान हादसे से पूरा देश दुखी, DNA टेस्ट के बाद ही मृतकों का सही आंकड़ा मिल पाएगा- गृह मंत्री अमित शाह
अहमदाबाद विमान हादसे के बारे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जानकारी दी है कि घटना के मृतकों का आंकड़ा DNA टेस्ट होने के बाद जारी होगा।
अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 के साथ जो दर्दनाक हादसा हुआ है, उससे पूरी दुनिया को करारा झटका लगा है। दुनियाभर से शोक संदेश और पीड़ित परिवार के लिए प्रार्थनाएं आ रही है। वहीं घटना के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से रवाना होकर अहमदाबाद पहुंचे। अहमदाबाद में उन्होंने पहले बैठक की और पूरी स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद फिर वह घटनास्थल पर पहुंचे।
अमित शाह ने पहले घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और फिर वह घायलों से मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में उन्होंने घायलों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने मीडिया को संबोधित करके पूरा अपडेट दिया।
गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर कहा, "दोपहर एयर इंडिया की विमान संख्या AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हुई। कई यात्रियों के हताहत होने की संभावनाएं हैं। इस घटना से पूरा देश स्तब्ध है... पूरा देश परिवारों के साथ खड़ा है। सबसे पहले मैं भारत सरकार, गुजरात सरकार, प्रधानमंत्री की ओर से हताहत हुए लोगों को प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। 10 मिनट में ही भारत सरकार के पास सूचना पहुंच गई। तुरंत ही मैंने सभी से संपर्क किया। प्रधानमंत्री का भी फोन आया। भारत सरकार और गुजरात सरकार के सभी विभाग एक साथ होकर राहत और बचाव कार्य में लगे हैं।"
DNA टेस्ट के बाद जारी होगा मृतकों का आंकड़ा
उन्होंने कहा कि इस विमान में कुल मिलाकर देश और विदेश के 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। इसमें से 1 यात्री के बचने का अच्छा समाचार मिला है। मैं उनको मिलकर आया हूं। मृत्यु का आंकड़ा DNA परीक्षण और यात्रियों की पहचान के बाद ही अधिकृत रूप से जारी होगा।
2-3 घंटे में पूरा होगा घायलों का DNA टेस्ट
अमिता शाह ने जानकारी दी है कि घटना के तुरंत बार गुजरात सरकार ने आपदा प्रबंधन की सारी इकाइयों को अलर्ट करते हुए मिलकर राहत बचाव का कार्य चालू किया। विमान में सवा लाख लीटर ईंधन था। जिससे तापमान इतना ऊंचा हो गया कि किसी को बचाने का मौका ही नहीं मिला। सभी यात्रियों के शव को निकालने का काम लगभग पूरा हो चुका है। जितने यात्रियों के परिजन पहुंच गए हैं उनका DNA लेने का काम भी 2-3 घंटे में पूरा हो जाएगा। जिनके परिजन विदेश में हैं उनको सूचित कर दिया गया है।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 12 June 2025 at 22:40 IST