RG Kar Case: पूर्व कमिश्नर सहित 3 IPS अधिकारियों पर गिरी गाज, सुवेंदु सरकार के एक्शन पर बोलीं मंत्री अग्निमित्रा पॉल- हम चाहते हैं न्याय मिले
आरजी कर मामले में सुवेंदु सरकार के एक्शन पर अग्निमित्रा पॉल का बयान सामने आया है। उन्होंने पूर्व कमिश्नर सहित 3 IPS अधिकारियों पर गाज गिरने को लेकर खुशी जाहिर की है।
Agnimitra Paul: पश्चिम बंगाल की सुवेंदु अधिकारी सरकार ने आरजी कर मामले में बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने रेप और मर्डर मामले की शुरुआती जांच में कथित गड़बड़ी और ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को निलंबित कर दिया। राज्य सरकार के इस एक्शन पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल का बयान सामने आया है।
सुवेंदु अधिकारी सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया कि इस तरह के मामलों को अपने व्यक्तित्व लाभ के लिए बंद कर दिया गया था। हम इसे फिर खोलेंगे। इस केस में सिर्फ संजय रॉय शामिल नहीं था, बल्कि बहुत बड़ी साजिश थी। इतना ही नहीं, उन्होंने इस केस में ममता बनर्जी के शामिल होने के भी आरोप लगाया।
हम केस फिर खोलेंगे- अग्निमित्रा पॉल
अग्निमित्रा पॉल ने कहा, 'पीएम मोदी और सीएम सुवेंदु अधिकारी ने पहले ही दिन से बोला है कि डॉ अभया का केस और इस तरह का केस और दुर्नीति केस जो 15 साल से हुआ है जो अपने व्यक्तित्व लाभ के लिए केस बंद कर दिया गया था और न्याय नहीं दिलाया गया। तो हम ये केस फिर से खोलेंगे।'
ममता बनर्जी और TMC पर लगाया आरोप
उन्होंने आगे कहा, 'आरजी कर अस्पताल में ट्रे्नी महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या मामले में सिर्फ संजय रॉय शामिल नहीं था इसमें बहुत बड़ी साजिश थी। क्योंकि बहुत सारी चीजें हुई थी जो नहीं होनी चाहिए थी। शाम 6 बजे के बाद कोई पोस्टमार्टम नहीं होता। हमारे बार-बार मना करने के बावजूद किया गया। इस भयावह कृत्य का कोई सीसीटीवी फुटेज भी नहीं मिला, जिस दिन घटना हुई उसी दिन निर्माण कार्यशुरू कर दिया गया। ये सब देखकर लगता है कि बहुत बड़ी साजिश है। इसमें पूर्व सीएम ममता बनर्जी और टीएमसी सरकार शामिल है। हम लोग यही चाहते हैं कि इसमें न्याय मिले और जो आज तीन लोगों को सस्पेंड किया गया है उससे हम बहुत खुश हैं।'
पूर्व पुलिस कमिश्नर समेत 3 IPS अधिकारी सस्पेंड
बता दें कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, 'आरजी कर घटना के संबंध में हमने खास तौर पर कोलकाता के CP विनीत कुमार गोयल और अन्य अधिकारियों जैसे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। इस मामले को ठीक से न संभालने के भी आरोप हैं।'
सीएम सुवेंदु ने आगे कहा, 'इसके अलावा यह भी आरोप है कि दो अधिकारियों ने अभया के परिवार को पैसे देने की कोशिश की। अब, उस समय इस मामले से जुड़े सभी अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है, क्योंकि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। विनीत गोयल, इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है।'
यह भी पढ़ें: तूफान में 50 फीट ऊपर तक उड़ गए थे बरेली के नन्हे मियां, खौफनाक आपबीती सुनाते हुए कहा- बचने की उम्मीद नहीं थी- VIDEO
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 15 May 2026 at 18:33 IST