अपडेटेड 22 February 2025 at 13:06 IST
पंजाब में गजब खेला! AAP के मंत्री ने 20 महीने चलाया ऐसा विभाग, जो अस्तित्व में ही नहीं... BJP के नेता लगा रहे आरोप
बीजेपी नेता अमित मालवीय आरोप लगाते हैं कि पंजाब सरकार को ये समझने में लगभग 20 महीने लग गए कि उसके एक मंत्री को सौंपा गया विभाग अस्तित्व में ही नहीं था।
Punjab minister Kuldeep Singh Dhaliwal: पंजाब सरकार में मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल 20 महीने से अस्तित्वहीन विभाग चला रहे थे। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने एक रिपोर्ट के हवाले से ये आरोप लगाए हैं। इस पूरे मामले का पता तब चला है जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पिछले दिन एक कार्रवाई की और कुलदीप सिंह धालीवाल से वो विभाग छीना। बीजेपी के नेता हमलावर हैं।
असल में कुलदीप सिंह धालीवाल को प्रशासनिक सुधार विभाग सौंपा गया था, जो कथित रूप से सिर्फ कागजों पर ही दर्ज था। आम आदमी पार्टी के नेता कुलदीप सिंह धालीवाल अभी पंजाब कैबिनेट में सिर्फ एनआरआई मामलों का विभाग संभालेंगे। हालांकि बीजेपी इस पूरे घटनाक्रम पर कह रही है कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में शासन का मजाक बना दिया है।
AAP पर बीजेपी ने लगाए आरोप
बीजेपी नेता अमित मालवीय लिखते हैं- 'आप पंजाब सरकार में संकट की कल्पना कर सकते हैं, अगर उसे यह समझने में लगभग 20 महीने लग गए कि उसके एक प्रमुख मंत्री को सौंपा गया विभाग वास्तव में अस्तित्व में ही नहीं था। अरविंद केजरीवाल एक ढोंगी हैं, जिन्हें सार्वजनिक जीवन से बाहर कर दिया जाना चाहिए।'
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी लिखते हैं- 'AAP ने पंजाब में शासन को मजाक बना दिया है। आम आदमी पार्टी के मंत्री ने 20 महीने तक एक ऐसा विभाग चलाया जो कभी अस्तित्व में ही नहीं था। कल्पना कीजिए कि 20 महीने तक सीएम को ये भी नहीं पता था कि एक मंत्री अस्तित्वहीन विभाग चला रहा है।'
पंजाब में प्रशासनिक सुधार विभाग अस्तित्व में ही नहीं
पंजाब सरकार में पिछला कैबिनेट फेरबदल सितंबर 2024 में हुआ था, जब सीएम भगवंत मान ने चार मंत्रियों को हटाया था और विभागों के बांटने के अलावा अपने मंत्रिमंडल में 5 नए चेहरों को शामिल किया था। एनआरआई मामलों के विभाग का प्रभार संभाल रहे मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल को प्रशासनिक सुधार विभाग का भी आवंटित किया गया था। हालांकि एएनआई के मुताबिक, 21 फरवरी को जारी पंजाब सरकार के गजट नोटिफिकेशन में कहा गया है कि धालीवाल को पहले आवंटित प्रशासनिक सुधार विभाग आज की तारीख में अस्तित्व में नहीं है।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 22 February 2025 at 13:06 IST