AAP के दिग्गज नेता प्रदीप छाबड़ा का निधन, लंबे समय से थे बीमार; CM मान ने जताया दुख
Pradeep Chhabra चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के सह-प्रभारी थे। वह 'पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड' के अध्यक्ष भी थे।
- भारत
- 2 min read
Chandigarh News: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और चंडीगढ़ के पूर्व महापौर प्रदीप छाबड़ा का मंगलवार को यहां निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।
आप नेता के रिश्तेदार पुनीत छाबड़ा ने बताया कि उनके चाचा का पीलिया का इलाज चल रहा था और उन्होंने सुबह तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। पुनीत ने कहा, "हमने उन्हें चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) ले जाने के लिए एम्बुलेंस बुलाई, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया।"
कांग्रेस छोड़ AAP में हुए थे शामिल
छाबड़ा चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के सह-प्रभारी थे। वह 'पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड' के अध्यक्ष भी थे। वह अगस्त 2021 में कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हो गए थे।
CM भगवंत मान ने जताया दुख
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने छाबड़ा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर पंजाबी में जारी पोस्ट में दुख की इस घड़ी में शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।
छाबड़ा चंडीगढ़ क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रह चुके थे और एक समय उन्हें पार्टी नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल का वफादार माना जाता था।
चंडीगढ़ के पूर्व सांसद बंसल ने भी छाबड़ा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘प्रदीप छाबड़ा के निधन से शोकाकुल हूं। वह दशकों से हमारे करीबी सहयोगी रहे और उन्होंने चंडीगढ़ प्रादेशिक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में छह वर्षों तक शानदार काम किया था।’’
बंसल ने कहा, ‘‘उनके निधन से चंडीगढ़ के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सूनापन आ गया है और यह उनके लिए निजी क्षति है।’’
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 9 July 2024 at 19:06 IST