अपडेटेड 8 March 2026 at 19:47 IST
Aadhaar Card Lost: खो गया आपका आधार कार्ड? बस इस प्रोसेस से चंद मिनटों में कराएं रिप्रिंट; घर पर हो जाएगा डिलीवर
Aadhaar Card Lost: आधार कार्ड गुम होने पर अब घबराने की जरूरत नहीं है। UIDAI की ऑनलाइन सुविधाओं की मदद से आप न केवल अपना आधार नंबर वापस पा सकते हैं, बल्कि फ्री में डिजिटल कॉपी भी डाउनलोड कर सकते हैं।
Aadhaar Card Lost: आज के दौर में आधार कार्ड हमारे सबसे जरूरी डॉक्यूमेंट्स में से एक है। बैंक खाता खुलवाना हो या किसी सरकारी योजना का लाभ लेना, आधार के बिना लगभग हर काम अधूरा रह जाता है।
ऐसे में अगर यह कीमती कार्ड कहीं गिर जाए या चोरी हो जाए, तो तनाव होना स्वाभाविक है। लेकिन राहत की बात यह है कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने इसे दोबारा प्राप्त करने की प्रक्रिया को बेहद सरल और पूरी तरह डिजिटल बना दिया है।
कैसे रिकवर करें अपना आधार नंबर?
अब आप बिना किसी दफ्तर के चक्कर काटे, अपने मोबाइल या कंप्यूटर की मदद से चंद मिनटों में अपना खोया हुआ आधार वापस पा सकते हैं। अगर आपको अपना आधार नंबर याद नहीं है, तो सबसे पहले उसे रिकवर करना जरूरी है।
- इसके लिए आपको UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा।
- वहां 'My Aadhaar' सेक्शन में जाकर 'Retrieve Lost or Forgotten UID/EID' का विकल्प चुनें।
- यहाँ अपना नाम और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद आपके फोन पर एक OTP आएगा।
- जैसे ही आप OTP डालकर वेरिफाई करेंगे, आपका आधार नंबर आपके मोबाइल पर SMS के जरिए भेज दिया जाएगा।
- यह पूरी प्रक्रिया एकदम मुफ्त है और इसके लिए आपको कोई शुल्क नहीं देना पड़ता।
फ्री में कैसे डाउनलोड करें ई-आधार?
एक बार जब आपको अपना आधार नंबर मिल जाता है, तो आप इसकी डिजिटल कॉपी यानी e-Aadhaar डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर 'Download Aadhaar' के विकल्प पर क्लिक करें और अपना 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें। ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद एक PDF फाइल आपके डिवाइस में सेव हो जाएगी।
सुरक्षा के लिहाज से यह फाइल पासवर्ड प्रोटेक्टेड होती है, जिसे आप अपने नाम के शुरुआती चार अक्षरों और जन्म के वर्ष के कॉम्बिनेशन से खोल सकते हैं। यह डिजिटल आधार हर जगह पूरी तरह मान्य होता है।
50 रुपये में घर आएगा नया PVC आधार कार्ड
अगर आप डिजिटल कॉपी के बजाय हाथ में रखने वाला असली प्लास्टिक (PVC) कार्ड चाहते हैं, तो आप 'Order Aadhaar PVC Card' सेवा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए आपको वेबसाइट पर जाकर अपना आधार नंबर दर्ज करना होगा और मात्र 50 रुपये की मामूली फीस का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। यह कार्ड न केवल टिकाऊ होता है, बल्कि इसमें क्यूआर कोड और होलोग्राम जैसे सुरक्षा फीचर्स भी होते हैं। ऑर्डर करने के 5 से 10 दिनों के भीतर स्पीड पोस्ट के जरिए यह नया कार्ड सीधे आपके रजिस्टर्ड पते पर डिलीवर कर दिया जाएगा।
अगर मोबाइल नंबर लिंक नहीं है तो क्या करें?
आधार की ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए मोबाइल नंबर का लिंक होना जरूरी है। यदि आपका मोबाइल नंबर आधार से नहीं जुड़ा है, तो आपको अपने नजदीकी आधार केंद्र पर जाना होगा। वहां बायोमेट्रिक के जरिए आपकी पहचान सत्यापित की जाएगी और आपको नया आधार कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 8 March 2026 at 19:47 IST